loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 36°C
Breaking News

जालंधर के बस्ती गुजां में सैलून विवाद खूनी झड़प में बदला, उस्तरे से हमला

भारत इंफो : जालंधर के बस्ती गुजां इलाके में एक सैलून के भीतर ग्राहक और मालिक के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। मामला इतना बढ़ गया कि बात मारपीट से आगे बढ़कर हथियारों के इस्तेमाल तक पहुंच गई।

ग्राहक ने लगाए बार-बार टालने के आरोप
पीड़ित युवक तरुण कुमार के अनुसार वह दोपहर से ही हेयरकट के लिए सैलून के चक्कर लगा रहा था, लेकिन उसे बार-बार टाला जाता रहा। जब वह शाम को दोबारा पहुंचा तो सैलून कर्मियों ने काम करने से साफ मना कर दिया। इसके बाद वह दूसरे सैलून में चला गया। वहां से जाने के बाद सैलून मालिकों ने उसे फोन कर गालियां दीं। इसके बाद जब वह अपने दोस्तों के साथ बात करने के लिए दोबारा ‘वीआईपी सैलून’ पहुंचा, तो वहां मौजूद 3-4 लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

उस्तरे से किया गया जानलेवा वार
पीड़ित ने बताया कि हमलावरों ने सैलून में इस्तेमाल होने वाले उस्तरे से उसकी गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए। हमला अचानक हुआ, जिससे वह खुद को बचा नहीं पाया। गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके घावों पर टांके लगाए गए।

CCTV में कैद घटना
घटना सैलून में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद बताई जा रही है। वहीं सैलून मालिकों का दावा है कि युवक अपने साथ अन्य लोगों को लेकर आया था और सैलून में तोड़फोड़ करने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, तरुण ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह निहत्था था।

पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित ने बताया कि वह घर में होने वाले एक समारोह के लिए तैयार होने गया था, लेकिन उसे इस घटना का सामना करना पड़ा। फिलहाल, मामले में शिकायत दर्ज करवाई जा रही है और पुलिस दोनों पक्षों के बयान तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *