भारत इंफो : विदेश में पढ़ाई की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए कनाडा से अहम अपडेट सामने आया है। सरकार ने स्टडी परमिट नियमों में बदलाव करते हुए नई गाइडलाइंस जारी की हैं, जिनका असर खासतौर पर उन विदेशी छात्रों पर पड़ेगा जिन्हें फुल-टाइम कोर्स शुरू करने से पहले शॉर्ट-टर्म प्री-कोर्स करना पड़ता है।
अब कम अवधि का मिलेगा स्टडी परमिट
नई नीति के अनुसार Immigration, Refugees and Citizenship Canada (IRCC) अब ऐसे छात्रों को सिर्फ शॉर्ट-टर्म कोर्स की अवधि और अतिरिक्त 90 दिनों तक ही स्टडी परमिट जारी करेगा। पहले नियम के तहत कोर्स की कुल अवधि के साथ एक अतिरिक्त वर्ष जोड़कर परमिट दिया जाता था।
किन छात्रों पर लागू होगा नियम
ये बदलाव उन छात्रों पर लागू होगा जिन्हें कंडीशनल एडमिशन मिला है और जिन्हें मुख्य कोर्स से पहले ESL या अन्य बेसिक तैयारी वाले कोर्स पूरे करने होते हैं। कुछ मामलों में मैथ्स या अन्य विषयों से जुड़े प्रारंभिक मॉड्यूल भी अनिवार्य होते हैं।
पढ़ाई जारी रखने के लिए दोबारा आवेदन जरूरी
यदि छात्र शॉर्ट-टर्म कोर्स के बाद मुख्य डिग्री करना चाहता है, तो उसे नया स्टडी परमिट अलग से आवेदन कर प्राप्त करना होगा। हालांकि यदि पहला परमिट समाप्त हो जाए और दूसरा आवेदन प्रक्रिया में हो, तो “मेंटेंड स्टेटस” के तहत उसे पढ़ाई जारी रखने की अनुमति मिल सकती है।
नियम लागू करने की वजह
रिपोर्ट्स के अनुसार छह महीने से कम अवधि वाले कोर्स के लिए आमतौर पर स्टडी परमिट आवश्यक नहीं होता। फिर भी अधिकारियों ने सलाह दी है कि छात्र प्रारंभिक कोर्स के लिए भी परमिट लें, क्योंकि यही कोर्स आगे की पढ़ाई के लिए अनिवार्य होता है। बिना शुरुआती परमिट के छात्र कनाडा प्रवेश नहीं कर पाएंगे और बाद में देश के भीतर नया परमिट भी आवेदन नहीं कर सकेंगे।