Wednesday, September 16, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 35°C
Breaking News

जालंधर के मॉडल टाउन में पारिवारिक कलह, शोरूम के भीतर बहू और ससुराल पक्ष में जमकर चले लात-घूंसे

भारत इंफो : जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित लक्षता-लिप्सी शोरूम में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक ही परिवार की महिलाएं आपस में भिड़ गईं।

देओल नगर की रहने वाली पिंकी नामक महिला ने अपनी सास और देवरानी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जब वह शोरूम में थी, तो उन्होंने वहां पहुंचकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता, जिसके पति का देहांत हो चुका है, का कहना है कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजारा कर रही है, लेकिन ससुराल पक्ष उसे परेशान कर रहा है।

घटना की सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि शोरूम के भीतर बातचीत के दौरान अचानक विवाद इतना बढ़ गया कि सफेद कपड़ों में दिख रही महिला ने दूसरी महिला की गर्दन पकड़ ली। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई, जबकि शोरूम का स्टाफ और वहां मौजूद अन्य लोग मूकदर्शक बने रहे। हालांकि, एक तीसरी महिला बीच-बचाव करने की कोशिश करती नजर आई, लेकिन विवाद थमा नहीं।

शोरूम के भीतर शुरू हुई यह जंग सड़क तक जा पहुंची, जहां सुरक्षा गार्ड को हस्तक्षेप करना पड़ा और उन्हें वहां से जाने के लिए कहना पड़ा। पीड़िता ने इस पूरी घटना की शिकायत थाना नंबर 6 की पुलिस को दे दी है और सबूत के तौर पर सीसीटीवी फुटेज भी सौंपी है। फिलहाल दूसरे पक्ष की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *