loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 24°C
Breaking News

अमेरिका ने किया वेनेजुएला पर हमला, ट्रंप का बड़ा दावा –राष्ट्रपति मादुरो अमेरिकी कब्जे में!

भारत इंफो : अमेरिका ने वेनेजुएला पर बड़ा सैन्य हमला करने के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने का दावा किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया एडेला अब अमेरिकी सैनिकों की हिरासत में हैं। ट्रम्प के अनुसार, दोनों को वेनेजुएला से बाहर ले जाया गया है।

चार शहरों पर देर रात अमेरिकी हमला
जानकारी के मुताबिक, अमेरिका ने बीती रात करीब 2 बजे वेनेजुएला के चार शहरों को निशाना बनाकर सैन्य कार्रवाई की। इस दौरान अमेरिकी सेना ने कई सैन्य ठिकानों और अहम रणनीतिक स्थानों पर हमले किए। ट्रम्प ने यह भी ऐलान किया कि वह इस पूरे ऑपरेशन को लेकर सुबह 11 बजे अमेरिकी समयानुसार प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जो भारतीय समय के अनुसार रात 9:30 बजे होगी।

वेनेजुएला में इमरजेंसी, जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
अमेरिकी हमले के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने बयान जारी कर देशभर में आपातकाल लागू करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि वेनेजुएला इस हमले का जवाब देगा। मादुरो के इस बयान के करीब एक घंटे बाद ही ट्रम्प ने उन्हें हिरासत में लेने का दावा कर दिया, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।

अमेरिकी हमले के पीछे बताई गई बड़ी वजहें
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प का कहना है कि वेनेजुएला ने अमेरिकी कंपनियों के तेल अधिकार अवैध रूप से जब्त किए थे। इसके अलावा अमेरिका का आरोप है कि वेनेजुएला अमेरिका में खतरनाक ड्रग्स की तस्करी में शामिल है और इसी सिलसिले में अमेरिका 35 नावों पर पहले ही कार्रवाई कर चुका है। ट्रम्प प्रशासन निकोलस मादुरो को तानाशाह और ड्रग तस्कर मानता है और उनके शासन को खत्म करने की मंशा भी खुलकर जता चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *