सीएम भगवंत मान का बड़ा ऐलान – मुआवजा सिर्फ ऐलान नहीं, मिलेगा भी
भारत इंफो, पंजाब डेस्क : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सिर्फ मुआवजे की घोषणा नहीं होगी, बल्कि यह मुआवजा हर पीड़ित को दिया जाएगा। उन्होंने सभी डिस्ट्रिक्ट कमिश्नरों (डीसी) को आदेश जारी किया है कि वे 30 दिन के अंदर गिरदावरी रिपोर्ट तैयार करें। सरकार फसल, घर और पशु संपत्ति के नुकसान का पूरा मुआवजा सुनिश्चित करेगी।
फसलों, पशुओं और घरों के नुकसान पर मुआवजा राशि की घोषणा
-
बाढ़ के कारण खराब हुई फसलों के लिए प्रति एकड़ 20,000 रुपए का मुआवजा।
-
मारे गए पशुओं के लिए 37,500 रुपए का मुआवजा।
-
टूटे घरों के लिए 40,000 रुपए का मुआवजा।
सीएम भगवंत मान ने यह भी स्पष्ट किया कि मुआवजा जल्द से जल्द पीड़ितों तक पहुंचाया जाएगा।
दीवाली तक मुआवजा चेक वितरित किए जाएंगे
सीएम ने कहा कि दीवाली तक हर बाढ़ पीड़ित को मुआवजा चेक दिया जाएगा। फिलहाल तक 55 मृतकों में से 42 परिवारों को मुआवजा मिल चुका है। सरकार का लक्ष्य है कि बाकी सभी पीड़ितों को भी 30-40 दिन के अंदर मुआवजा वितरित कर दिया जाए।
अफसर गांव-गांव जाकर करेंगे नुकसान का जायजा
भगवंत मान ने यह भी निर्देश दिया कि सभी सरकारी अफसर गांव-गांव जाकर प्रभावित घरों और फसलों का जायजा लेंगे। यदि कोई अफसर गलत रिपोर्ट दर्ज करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह सुनिश्चित किया कि प्रशासन पूरी ईमानदारी से कार्य करे ताकि पीड़ितों को सही मदद मिले।