विदेश जाने की जिद में टर्मिनल-3 के एंट्री गेट पर सुरक्षाकर्मी को धक्का देकर अंदर घुसा युवक
CISF की क्विक रिस्पांस टीम ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा
भारत इंफो, नई दिल्ली
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है। हरियाणा के सोनीपत निवासी एक एथलीट ने बिना टिकट, वीजा और वैध यात्रा दस्तावेजों के एयरपोर्ट के हाई सिक्योरिटी टर्मिनल-3 में जबरन घुसने का प्रयास किया। हालांकि, वहां तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे कुछ ही सेकंड में पकड़ लिया। यह घटना बुधवार (18 नवंबर) दोपहर करीब 3 बजे टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर हुई। CISF के मुताबिक, युवक ने प्रवेश के दौरान वैध टिकट और पहचान पत्र मांगे जाने पर सुरक्षाकर्मियों की बात अनसुनी कर दी और उन्हें धक्का देकर अंदर घुसने की कोशिश की।
10 सेकंड में CISF ने दबोचा
CISF की ओर से जारी करीब 25 सेकंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को धक्का देकर कुछ मीटर अंदर भागने में सफल हो जाता है। इसी दौरान एक हथियारबंद जवान और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के सदस्य मौके पर पहुंचते हैं और उसे काबू कर लेते हैं। CISF ने बताया कि जवानों की त्वरित कार्रवाई से संभावित सुरक्षा चूक टल गई। पकड़े गए युवक को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
विदेश जाने के लिए बेताब था युवक
प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान कुणाल के रूप में हुई है। वह हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है और पश्चिम बंगाल में एथलेटिक्स की ट्रेनिंग ले रहा था।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवक विदेश जाना चाहता था, लेकिन उसके पास न तो वीजा था और न ही जरूरी यात्रा दस्तावेज। इसी वजह से उसने जबरन एयरपोर्ट टर्मिनल में प्रवेश करने की कोशिश की।
बैग से मिले आधार कार्ड, पैन कार्ड और खेल प्रमाणपत्र
CISF की तलाशी में युवक के बैग से आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल फोन, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, खेल प्रमाणपत्र और उच्च शिक्षा व भर्ती से जुड़े आवेदन पत्र बरामद हुए।इस घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। दिल्ली का IGI एयरपोर्ट देश के अति संवेदनशील हवाई अड्डों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्री आवाजाही करते हैं। CISF ने अपनी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित सुरक्षा उल्लंघन को समय रहते रोक दिया।