तड़के करीब 5:30 बजे हुआ हादसा, दोनों ट्रक चालकों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया; चंडीगढ़-बठिंडा जाने वाले वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक डायवर्ट
भारत इंफो, पटियाला
पंजाब के पटियाला में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। पटियाला-संगरूर नेशनल हाईवे पर गांव पसियाना के पास भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक ढह गया। हादसे के समय पुल से गुजर रहे दो ट्रक टूटे हुए हिस्से में फंस गए। इनमें से एक ट्रक में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। पुल का एक हिस्सा अचानक नीचे धंस गया और दोनों ट्रक क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गए। पुल टूटने के बाद भाखड़ा नहर का पानी भी सड़क के ऊपर से बहने लगा।
दोनों ट्रक चालकों को बचाया, अस्पताल में भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों ट्रक चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों चालकों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई। एक ट्रक में लगी आग पर दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा लिया।
चंडीगढ़-बठिंडा जाने वाले वाहन चालकों के लिए अलर्ट
पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर दोनों तरफ से यातायात बंद कर दिया गया है। DIG कुलदीप सिंह चहल के मुताबिक, वाहनों को पटियाला शहर की तरफ डायवर्ट किया गया है। इस बीच बचाव अभियान में जुटे एक गोताखोर ने आशंका जताई है कि पुल का दूसरा हिस्सा भी गिर सकता है, क्योंकि उसके नीचे की मिट्टी खिसक रही है।
2016 में बना था पुल, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल प्रारंभिक मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा निर्मित यह डबल कैरिजवे पुल वर्ष 2016 में बनाया गया था। करीब दस साल बाद पुल का हिस्सा अचानक ढह जाने से इसके निर्माण, मजबूती और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, पुल गिरने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग की जांच के बाद ही इसकी वजह स्पष्ट हो सकेगी।