21 नवंबर को दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने आएंगे खडूर साहिब के सांसद
तीन घंटे की कस्टडी पैरोल, सुरक्षा व्यवस्था की कमान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के हाथ में
भारत इंफो, अमृतसर
खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के पंजाब पहुंचने से पहले अमृतसर के जल्लू खेड़ा (जल्लूपुर खेड़ा) गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उनकी प्रस्तावित यात्रा को देखते हुए पंजाब पुलिस ने बड़े स्तर पर सुरक्षा इंतजाम शुरू कर दिए हैं। गांव और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।रिपोर्ट के मुताबिक, अमृतपाल सिंह की सुरक्षा के लिए करीब 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जा सकता है।
21 नवंबर को तीन घंटे के लिए गांव पहुंचेंगे अमृतपाल
अमृतपाल सिंह असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। उन्हें अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अदालत ने 21 नवंबर को तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। अदालत के आदेश के अनुसार, वह दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अपने पैतृक गांव में रह सकेंगे। उनकी दादी का 8 नवंबर को निधन हो गया था। परिवार ने अमृतपाल के अंतिम दर्शन और संस्कार में शामिल होने की इच्छा को देखते हुए अंतिम संस्कार रोक रखा था।
असम से अमृतसर तक पुलिस का सुरक्षा घेरा
अमृतपाल को डिब्रूगढ़ से विमान के जरिए दिल्ली और फिर अमृतसर लाए जाने की योजना है। इसके बाद उन्हें पुलिस सुरक्षा में सड़क मार्ग से गांव पहुंचाया जाएगा। पूरी यात्रा के दौरान पंजाब पुलिस की निगरानी रहेगी। विशेष डीजीपी (कानून-व्यवस्था) के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस को भी अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है।
अदालत ने लगाई हैं कई पाबंदियां
अदालत ने अमृतपाल की तीन घंटे की यात्रा के दौरान कई शर्तें भी लगाई हैं। वह गांव में निर्धारित स्थान के अलावा कहीं नहीं जा सकेंगे। उन्हें मीडिया से बातचीत करने, किसी सार्वजनिक सभा को संबोधित करने और परिवार के सदस्यों के अलावा अन्य लोगों से संपर्क करने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन का प्रयास है कि पारिवारिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और इस दौरान कानून-व्यवस्था की कोई समस्या पैदा न हो। राजनीतिक और सुरक्षा दोनों लिहाज से अमृतपाल सिंह की यह प्रस्तावित वापसी पंजाब में काफी अहम मानी जा रही है। करीब साढ़े तीन साल बाद अपने गांव पहुंचने वाले अमृतपाल के आगमन पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।