loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 21°C
Breaking News

कांग्रेस में अपनी अपनी चौधर: अब लुधियाना में चन्नी साइकिल पर तो वड़िंग पैदल यात्रा की तैयारी में…!

कांग्रेस में अपनी अपनी चौधर: अब लुधियाना में चन्नी साइकिल पर तो वड़िंग पैदल यात्रा की तैयारी में…!

 

लुधियाना में पंजाब कांग्रेस की गुटबाजी फिर उजागर

 

पार्टी के दो अलग-अलग अभियानों ने बढ़ाई खींचतान की चर्चा, चन्नी की ‘जवानी संभाल यात्रा’ 13 नवंबर को पहुंचेगी लुधियाना; वड़िंग ने बुलाई अपने समर्थकों की बैठक

 

मनुपाल शर्मा, लुधियाना

5 वर्ष तक सत्ता से बाहर रहने के बावजूद पंजाब कांग्रेस के नेता दोबारा पार्टी को सत्ता में लाने की बजाय अपनी चौधर दिखने में ही व्यस्त नजर आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी जहां एकजुटता का संदेश देने की कोशिश कर रही है, वहीं वरिष्ठ नेताओं के अलग-अलग राजनीतिक कार्यक्रमों ने गुटबाजी की चर्चाओं को फिर हवा दे दी है। पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी साइकिल यात्रा के जरिए जनता के बीच जाने की तैयारी में हैं, तो लुधियाना से सांसद और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अपनी अलग पैदल यात्रा निकालने की योजना बना रहे हैं।

लुधियाना में दोनों नेताओं की गतिविधियां पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को सामने ला रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, चन्नी की ‘जवानी बचाओ यात्रा’ 13 नवंबर को लुधियाना पहुंचेगी। इसी बीच वड़िंग ने अपने करीबी नेताओं और समर्थकों की बैठक बुलाई है, जिसमें लुधियाना लोकसभा क्षेत्र में अलग पैदल यात्रा निकालने की रणनीति पर चर्चा होनी है।

एक दिन पहले परगट सिंह का अभियान, फिर चन्नी की साइकिल यात्रा

इस पूरे घटनाक्रम में पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह का अभियान भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने 11 नवंबर से ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ नाम से राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू किया। इसके अगले ही दिन यानी आज से चन्नी की ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा’ शुरू होनी है। दोनों अभियानों के समय में इस तरह का अंतर पार्टी के भीतर नेतृत्व और राजनीतिक पहल को लेकर चल रही प्रतिस्पर्धा की चर्चाओं को बढ़ा रहा है।

पोस्टर से शुरू हुआ विवाद, अब अलग यात्राओं की तैयारी

कांग्रेस के भीतर असहजता के संकेत इससे पहले भी सामने आए थे। चन्नी की यात्रा के शुरुआती पोस्टर में राजा वड़िंग की तस्वीर शामिल नहीं थी। पोस्टर में भूपेश बघेल, प्रताप सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा और अन्य नेताओं की तस्वीरें थीं, लेकिन प्रदेश कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष रहे वड़िंग की तस्वीर गायब थी। पार्टी नेताओं की ओर से इस पर सवाल उठाए जाने के बाद चन्नी ने संशोधित पोस्टर जारी किया, जिसमें वड़िंग की तस्वीर भी शामिल की गई।

अब वड़िंग की ओर से लुधियाना में अलग पैदल यात्रा की तैयारी को इसी पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है। वड़िंग के करीबी एक कांग्रेस नेता ने बताया कि चन्नी की साइकिल यात्रा में शामिल होने के लिए उन्हें न तो सूचना दी गई और न ही आमंत्रित किया गया।

2,000 साइकिल सवारों के साथ 625 किलोमीटर का अभियान

चन्नी की साइकिल यात्रा का पहला चरण 12 से 19 नवंबर तक चलेगा। करीब 625 किलोमीटर लंबे इस अभियान में लगभग 2,000 साइकिल सवारों के शामिल होने की उम्मीद है। यात्रा चमकौर साहिब से शुरू होकर 27 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए खन्ना में समाप्त होगी। लुधियाना में 13 नवंबर को यात्रा के पहुंचने का कार्यक्रम है। इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट, प्रताप सिंह बाजवा और भारत भूषण आशु सहित कई नेताओं के शामिल होने की संभावना है। चन्नी की यात्रा में नशे, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे उठाए जाने हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव जानने की भी योजना है।

चन्नी ने कहा है कि अलग-अलग नेता अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएंगे और इसे अलग अभियान के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। परगट सिंह और प्रताप सिंह बाजवा ने भी गुटबाजी की अटकलों को खारिज करते हुए पार्टी को एकजुट बताया है। इसके बावजूद लुधियाना में चन्नी की साइकिल यात्रा और वड़िंग की प्रस्तावित पैदल यात्रा ने कांग्रेस के अंदर चल रही राजनीतिक खींचतान को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *