loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 21°C
Breaking News

टिकट कंफर्म! बादल ने अकाली दल में वापस लेते ही बीबी जागीर कौर को बनाया भुलत्थ हलके की इंचार्ज

भुलत्थ में सुखपाल खैहरा से मुकाबले की तैयारी!

अकाली दल में वापसी के साथ मिला बड़ा जिम्मा, 2027 विधानसभा चुनाव से पहले दोआबा में पार्टी की ताकत बढ़ाने की कोशिश

भारत इंफो, बेगोवाल (कपूरथला)

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल ने दोआबा की राजनीति में बड़ा दांव खेला है। अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पूर्व एसजीपीसी अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बीबी जागीर कौर को भुलत्थ विधानसभा हलके का इंचार्ज घोषित कर दिया है। रविवार को बेगोवाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सुखबीर बादल ने उन्हें पार्टी में दोबारा शामिल करने के साथ यह अहम जिम्मेदारी सौंपी। बीबी जागीर कौर की अकाली दल में वापसी को पार्टी के लिए दोआबा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि वह अपने समर्थकों और पूरी टीम के साथ पार्टी में लौटी हैं। सुखबीर बादल ने उनसे पार्टी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और आगामी विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने की अपील की।

दोबारा अकाली दल में लौटीं बीबी जागीर कौर

बीबी जागीर कौर पिछले कुछ समय से अकाली दल (पुनर सुरजीत) से जुड़ी हुई थीं। यह धड़ा ज्ञानी हरप्रीत सिंह के नेतृत्व में बना था। पार्टी में वापसी के दौरान उन्होंने कहा कि अलग होकर जिस उद्देश्य को हासिल करने की उम्मीद थी, उसमें सफलता नहीं मिली। मौजूदा समय में अकाली दल को मजबूत करना जरूरी है।गौरतलब है कि बीबी जागीर कौर मार्च 2024 में भी सुखबीर बादल के नेतृत्व वाले अकाली दल में लौटी थीं, लेकिन बाद में फिर अलग हो गई थीं। अब यह उनकी पार्टी में दूसरी वापसी है।

भुलत्थ में सुखपाल खैहरा से मुकाबले की तैयारी?

बीबी जागीर कौर को भुलत्थ हलके का इंचार्ज बनाने के राजनीतिक मायने भी अहम हैं। यह विधानसभा क्षेत्र दोआबा की महत्वपूर्ण सीटों में शामिल है। बीबी जागीर कौर यहां से 1997, 2002 और 2012 में विधायक रह चुकी हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने इसी सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन कांग्रेस के सुखपाल सिंह खैहरा से हार गई थीं। ऐसे में उन्हें हलका इंचार्ज बनाने का फैसला 2027 के चुनाव के लिए अकाली दल की रणनीति का संकेत देता है। हालांकि, हलका इंचार्ज घोषित किए जाने का अर्थ अभी औपचारिक रूप से पार्टी उम्मीदवार घोषित किया जाना नहीं है।

बागियों की घर वापसी से अकाली दल को मजबूती की उम्मीद

सुखबीर बादल ने इस मौके पर उन अकाली नेताओं से भी पार्टी में वापस आने की अपील की, जो विभिन्न कारणों से अकाली दल से अलग हो गए थे। उन्होंने अकाली दल को पंथ की जत्थेबंदी बताते हुए एकजुट होकर पंजाब की राजनीति में पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। गौरतलब है कि हाल ही में पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा भी अकाली दल में वापस लौटे हैं। अब बीबी जागीर कौर की वापसी को पार्टी के पुराने नेताओं और समर्थक आधार को फिर से एकजुट करने की मुहिम के तौर पर देखा जा रहा है।

AAP सरकार पर साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान सुखबीर बादल ने भगवंत मान सरकार पर नशे और गैंगस्टरवाद के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशा तस्करी और गैंगस्टर संस्कृति गंभीर समस्या बन चुकी है। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए सत्ता में आने पर आटा-दाल, शगुन और अन्य कल्याणकारी योजनाएं दोबारा शुरू करने का वादा किया। सुखबीर बादल ने दावा किया कि अकाली दल की सरकार बनने पर तीन महीने के भीतर गैंगस्टरवाद पर लगाम लगाई जाएगी।

2027 से पहले अकाली दल की नई रणनीति

राजनीतिक दृष्टि से बीबी जागीर कौर की वापसी केवल एक वरिष्ठ नेता की घर वापसी नहीं है। यह दोआबा में अकाली दल के पुराने राजनीतिक नेटवर्क को फिर सक्रिय करने की कोशिश भी है। प्रेम सिंह चंदूमाजरा और बीबी जागीर कौर जैसे नेताओं की वापसी से पार्टी को संगठनात्मक मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि पुराने नेताओं की वापसी और नई जिम्मेदारियों के सहारे सुखबीर बादल 2027 के चुनाव में अकाली दल को कितनी मजबूती दे पाते हैं।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *