loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 21°C
Breaking News

राजस्थान रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में पाकिस्तान कनेक्शन का शक, गुरदासपुर से दो गिरफ्तार

महिला समेत दो आरोपी ATS के शिकंजे में, पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर धमाके का आरोप; हथियार और कारतूस बरामद

 

भारत इंफो, गुरदासपुर/श्रीगंगानगर

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके की जांच में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आने का दावा किया गया है। राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने पंजाब पुलिस के सहयोग से गुरदासपुर से एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पर पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में रहकर रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की साजिश में शामिल होने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे ‘शाह’ और ‘चाचा’ नाम के हैंडलरों के संपर्क में थी। जांच एजेंसियां इस नेटवर्क के संभावित ISI कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही हैं।

3 नवंबर को हुआ था रेलवे ट्रैक पर धमाका

यह विस्फोट 3 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर इलाके में 50 जीबी गांव के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर हुआ था। धमाके से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे दो सीमेंट के स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए और करीब ढाई फीट गहरा गड्ढा बन गया। राहत की बात रही कि इससे पहले एक यात्री ट्रेन उस स्थान से गुजर चुकी थी और कोई जनहानि नहीं हुई।

हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, 46 कारतूस और 30 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि धमाके की साजिश को पहले भी अंजाम देने की कोशिश की गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों से योजना सफल नहीं हो सकी।

पुलिस ने तीन अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। इन पर आरोपियों को ठहरने की जगह, मोटरसाइकिल और परिवहन उपलब्ध कराने का संदेह है। सुरक्षा एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क, पैसों के लेन-देन और पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलरों की भूमिका की जांच कर रही हैं।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *