loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 21°C
Breaking News

GOOD NEWS: AIIMS दिल्ली ने रचा चिकित्सा इतिहास, गर्भ में पल रहे बच्चे की पहली बार की ओपन सर्जरी

25 सप्ताह के भ्रूण की रीढ़ की हड्डी के गंभीर दोष को किया ठीक, 6 घंटे तक चला ऑपरेशन; 30 से अधिक डॉक्टरों की टीम रही शामिल

 

भारत इंफो, नई दिल्ली

भारत के चिकित्सा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), दिल्ली के डॉक्टरों ने देश में पहली बार गर्भ में पल रहे बच्चे की ओपन फेटल सर्जरी (Open Fetal Surgery) सफलतापूर्वक की है। इस जटिल ऑपरेशन के जरिए 25 सप्ताह के भ्रूण की रीढ़ की हड्डी में मौजूद गंभीर जन्मजात विकृति को ठीक करने का प्रयास किया गया।

AIIMS के अनुसार, यह सर्जरी 12 नवंबर को संस्थान के न्यूरोसाइंसेज सेंटर में की गई। करीब छह घंटे तक चले इस ऑपरेशन में भ्रूण की रीढ़ के निचले हिस्से में मौजूद लंबोसैक्रल मायलोमेनिंगोसील (Lumbosacral Myelomeningocele) नामक गंभीर दोष को ठीक किया गया। यह स्पाइना बिफिडा का सबसे गंभीर रूप माना जाता है।

क्या थी बच्चे की बीमारी?

मायलोमेनिंगोसील एक जन्मजात विकार है, जिसमें रीढ़ की हड्डी पूरी तरह विकसित नहीं हो पाती और स्पाइनल कॉर्ड तथा उसके आसपास की झिल्लियां रीढ़ में बने खुले हिस्से से बाहर निकल आती हैं। इसके कारण नसों को नुकसान पहुंच सकता है। जन्म के बाद ऐसे बच्चों को लकवा, चलने-फिरने में परेशानी और मस्तिष्क में पानी भरने (हाइड्रोसेफलस) जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आमतौर पर इस बीमारी का ऑपरेशन बच्चे के जन्म के बाद किया जाता है, लेकिन इस मामले में डॉक्टरों ने गर्भ में ही सर्जरी कर प्रभावित हिस्से को ठीक करने का फैसला लिया, ताकि जन्म से पहले ही नसों को होने वाले अतिरिक्त नुकसान को रोका जा सके।

पांच सप्ताह की तैयारी, 30 से ज्यादा विशेषज्ञ शामिल

इस जटिल ऑपरेशन को अंजाम देने से पहले डॉक्टरों की टीम ने पांच सप्ताह से अधिक समय तक तैयारी की। इसमें भ्रूण की विस्तृत जांच, माता-पिता की काउंसलिंग, एनेस्थीसिया की योजना और सर्जरी का अभ्यास शामिल था। न्यूरोसर्जरी टीम का नेतृत्व प्रोफेसर डॉ. दीपक गुप्ता ने किया, जबकि मातृ-भ्रूण चिकित्सा और प्रसूति विभाग की जिम्मेदारी प्रोफेसर डॉ. नीना मल्होत्रा तथा प्रोफेसर डॉ. के. अपर्णा शर्मा ने संभाली। इस ऑपरेशन में स्त्री रोग, न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया, प्लास्टिक सर्जरी, रेडियोलॉजी और नवजात शिशु चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों के 30 से अधिक डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने हिस्सा लिया। हाई-एंड माइक्रोस्कोपी और लगातार अल्ट्रासाउंड की मदद से सर्जरी को अंजाम दिया गया।

मां और बच्चे की लगातार होगी निगरानी

AIIMS के मुताबिक, सर्जरी के बाद मां और भ्रूण की गर्भावस्था के शेष समय, प्रसव और नवजात अवस्था तक विशेषज्ञों की टीम लगातार निगरानी करेगी। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि यह ऑपरेशन बीमारी का पूर्ण इलाज नहीं है, लेकिन चुनिंदा मामलों में जन्म से पहले सर्जरी करने से नसों को होने वाले अतिरिक्त नुकसान को कम करने, हाइड्रोसेफलस के उपचार की जरूरत घटाने और बच्चे के भविष्य में बेहतर न्यूरोलॉजिकल परिणामों की संभावना बढ़ाने में मदद मिल सकती है। इस प्रक्रिया में समय से पहले प्रसव और गर्भाशय पर बने सर्जिकल निशान से भविष्य की गर्भावस्थाओं में जटिलताओं का जोखिम भी रहता है। इसलिए यह सर्जरी केवल विशेष रूप से चुने गए मामलों में ही की जाती है।

परिवार से नहीं लिया गया कोई खर्च

इस उपलब्धि की एक और खास बात यह है कि AIIMS ने यह जटिल सर्जरी केंद्र सरकार की जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (JSSK) के तहत परिवार को बिना किसी खर्च के उपलब्ध कराई।AIIMS ने इसे देश में भ्रूण चिकित्सा और बाल न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण नई क्षमता की शुरुआत बताया है। विशेषज्ञों ने यह भी जोर दिया है कि जन्मजात न्यूरल ट्यूब दोषों से बचाव के लिए गर्भधारण से पहले और शुरुआती गर्भावस्था में चिकित्सकीय सलाह के अनुसार फोलिक एसिड का सेवन बेहद महत्वपूर्ण है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *