Wednesday, October 28, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 18°C
Breaking News

लुधियाना में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात: घर में घुसकर युवक का हाथ काटा, लिफाफे में बंद कर दुकानदार को थमाया

भारत इंफो : लुधियाना से एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है। रेडू साहिब गुरुद्वारा के पास स्थित एक घर में कुछ बदमाशों ने घुसकर शक्ति सिंह उर्फ भूरा नामक युवक पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान बेरहमी से हमलावरों ने युवक की कलाई काटकर उसके शरीर से अलग कर दी। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल शक्ति सिंह को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

कटा हुआ हाथ लिफाफे में बंद कर दुकानदार को सौंपा
वारदात की इंतहा तब हो गई जब आरोपी युवक का कटा हुआ हाथ अपने साथ लेकर सतगुरु नगर की गली नंबर-9 में पहुंचे। वहां उन्होंने एक करियानादुकानदार को हाथ से भरा हुआ लिफाफा थमाया और बेखौफ अंदाज में कहा कि इसे इस युवक के घर पहुंचा देना। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस अजीबोगरीब और डरावनी हरकत से इलाके के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई है।

आपसी रंजिश और आपराधिक रिकॉर्ड आया सामने
मामले की सूचना मिलते ही एसएचओ जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में पुलिस को अंदेशा है कि यह पूरा मामला पुरानी आपसी रंजिश का नतीजा है। पुलिस के मुताबिक, घायल शक्ति सिंह उर्फ भूरा पर पहले से ही करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा, हमलावरों का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस उन तमाम संदिग्धों के नाम खंगाल रही है जिनके साथ घायल युवक का उठना-बैठना था।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस घटनास्थल के आसपास के साथ-साथ उस करियाना स्टोर के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है, जहां आरोपी कटा हुआ हाथ छोड़कर गए थे। दुकानदार से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *