Thursday, October 29, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 26°C
Breaking News

यमन के तट पर 14 भारतीयों से भरी नौका पर सऊदी सेना के हमले का दावा, भारत ने मांगी घटना की जानकारी

भारतीय दूतावास ने कहा- घटना के हालात और तथ्यों का पता लगाने के लिए विभिन्न पक्षों से किया जा रहा संपर्क

भारत इंफो, नई दिल्ली

यमन के तट के पास 14 भारतीय नागरिकों के सवार होने की आशंका वाली एक नौका पर सऊदी अरब की सेना द्वारा हमला किए जाने के दावे के बाद भारत ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। यमन में भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को कहा कि वह घटना की परिस्थितियों और वास्तविक तथ्यों का पता लगाने के लिए विभिन्न पक्षों के संपर्क में है। भारतीय मिशन ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि 22 अक्टूबर को यमन के तट के पास हुई घटना के बारे में अधिक जानकारी हासिल करने के प्रयास जारी हैं। दूतावास के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी से संकेत मिलता है कि नौका पर भारतीय नागरिक यानी नाविक सवार हो सकते हैं।

 

हूती प्रवक्ता ने किया हमले का दावा

अरब मीडिया की कुछ रिपोर्टों के अनुसार, हूती विद्रोहियों के प्रवक्ता याह्या सरी ने गुरुवार को दावा किया था कि लाल सागर में यमन के तट के पास युकर द्वीप के नजदीक सऊदी सेना ने भारतीय नौका को निशाना बनाया। सरी के मुताबिक, नौका पर 14 भारतीय नागरिक सवार थे और हूती बल उन्हें बचाने के प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा था कि घटना के संबंध में अधिक जानकारी बाद में साझा की जाएगी।हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि और नौका पर सवार भारतीय नागरिकों की स्थिति के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। भारतीय दूतावास विभिन्न पक्षों से संपर्क कर घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटा है।

 

सऊदी अरब और हूतियों के बीच बढ़ा तनाव

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ने की खबरें हैं। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के ठिकानों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की बात कही गई है। फिलहाल भारत की प्राथमिकता घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाना और नौका पर भारतीय नागरिकों की मौजूदगी तथा उनकी सुरक्षा की स्थिति की पुष्टि करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *