Thursday, October 29, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 17°C
Breaking News

परविंदर झोटा के हक में आई पंजाबी इंडस्ट्री, बब्बू मान से लेकर दिलजीत तक ने किया परिवार का समर्थन

भारत इंफो : परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में अब पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री की आवाज भी उठने लगी है। कलाकारों की चुप्पी पर सोशल मीडिया में सवाल खड़े होने के बाद कई पंजाबी हस्तियां झोटा के परिवार के समर्थन में सामने आई हैं। इस बीच दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने 19 अक्टूबर को होने वाला बेटे का ‘साइन टू गॉड’ शो रद्द करने का ऐलान किया है।

‘पहले मानसा, फिर बेटे का टूर’, बलकौर सिंह ने रद्द किया शो?
परविंदर झोटा हत्याकांड को लेकर जारी विरोध के बीच सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह का फैसला चर्चा में है। उन्होंने 19 अक्टूबर को आयोजित होने वाला सिद्धू मूसेवाला का ‘साइन टू गॉड’ शो रद्द कर दिया है।

बलकौर सिंह ने अपने बयान में कहा कि उनके लिए पहले मानसा है, फिर बेटे का टूर। उनके इस फैसले को झोटा के परिवार के समर्थन और मामले में इंसाफ की मांग से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना के बाद पंजाबी कलाकारों की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उनका यह बयान अहम माना जा रहा है।

रणजीत बावा, बब्बू मान और आर नेत पहुंचे झोटा के परिवार के पास
झोटा हत्याकांड के बाद परिवार के समर्थन में पंजाबी गायकों की मौजूदगी भी बढ़ी है। रणजीत बावा, बब्बू मान और आर नेत परिवार से मिलने पहुंचे। कलाकारों ने परिवार के प्रति समर्थन जताया है। इससे पहले सोशल मीडिया पर पंजाबी कलाकारों की चुप्पी को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। लोगों का कहना था कि पंजाब में नशे और अन्य गंभीर सामाजिक मुद्दों पर कलाकारों को खुलकर अपनी बात रखनी चाहिए।

दिलजीत दोसांझ ने झोटा को बताया ‘शहीद’
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने भी सोशल मीडिया के जरिए इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में परविंदर झोटा को शहीद बताते हुए उनके परिवार को इंसाफ मिलने की बात कही। दिलजीत की प्रतिक्रिया के बाद झोटा हत्याकांड को लेकर पंजाबी मनोरंजन जगत की प्रतिक्रियाएं चर्चा में आ गई हैं।

वहीं पंजाबी अभिनेत्री नीरू बाजवा ने भी परविंदर झोटा के परिवार के समर्थन में कदम उठाया है। उन्होंने अपनी फिल्म ‘थापी’ की स्क्रीनिंग रोकने का ऐलान किया है।

13 अक्टूबर को हुई थी झोटा की हत्या
परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जानकारी के मुताबिक, मेडिकल स्टोर पर नशा बेचने का विरोध करने के बाद उन पर हमला किया गया था। घटना के बाद से उनका परिवार धरने पर बैठा है। 19 अक्टूबर को धरने का सातवां दिन है। परिवार के विरोध के चलते अब तक शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। परिवार मामले की CBI जांच सहित पांच मांगों को पूरा करने पर अड़ा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *