Sunday, September 13, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

लुधियाना में पिज्जा आउटलेट पर फायरिंग, CCTV में कैद हुई वारदात; सोशल मीडिया पोस्ट की जांच शुरू

भारत इंफो : लुधियाना के पॉश इलाके भाई रणधीर सिंह नगर में देर रात पिज्जा आउटलेट पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में नया मोड़ सामने आया है। वारदात के बाद इंस्टाग्राम पर ‘गोपी लहोरिया ग्रुप’ नाम के पेज से एक पोस्ट डाली गई है, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस पोस्ट की पुष्टि नहीं की है और इसकी सत्यता की जांच की जा रही है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

सामने आए CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि हमलावर पिज्जा आउटलेट के अंदर दाखिल हुए और महज करीब 3 सेकंड के भीतर लगातार 3 गोलियां चला दीं। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी हुई है। साथ ही, सोशल मीडिया पर सामने आई जिम्मेदारी वाली पोस्ट को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

इंस्टाग्राम पोस्ट में फायरिंग की जिम्मेदारी का दावा

इंस्टाग्राम पर ‘गोपी लहोरिया ग्रुप’ के नाम से डाली गई पोस्ट में दावा किया गया कि भाई रणधीर सिंह नगर के जे-ब्लॉक स्थित ‘पिज्जा फ्रॉम मेक्सिको’ आउटलेट पर हुई फायरिंग उनके कहने पर करवाई गई।

पोस्ट में दावा किया गया कि संबंधित व्यक्ति फोन कॉल को नजरअंदाज कर रहा था, जिसके चलते फायरिंग को एक तरह की चेतावनी बताया गया। पोस्ट में आगे गंभीर धमकी देते हुए कहा गया कि अगली बार गोली सीधे सिर में लग सकती है। साथ ही पोस्ट में संबंधित व्यक्ति के काम, कार, घर-परिवार और भविष्य को लेकर भी धमकी दी गई है।

पुलिस कर रही सोशल मीडिया पोस्ट की जांच

फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। CCTV फुटेज के अलावा सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पोस्ट वास्तव में वारदात से जुड़े लोगों ने ही डाली है या किसी ने फर्जी तरीके से इसे अपलोड किया है।

फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की जांच के आधार पर ही सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने वाले दावे की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *