Sunday, September 13, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

जालंधर में 50 लाख की लूट का बड़ा खुलासा, लड़की ने पुराने ड्राइवर संग रची थी साजिश; 3 गिरफ्तार

भारत इंफो : जालंधर सूर्या एनक्लेव एक्सटेंशन के पास 120 फीट रोड पर सोमवार रात लोहा व्यापारी से हुई 50 लाख रुपये की लूट के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वारदात की साजिश व्यापारी की दुकान पर कुछ माह पहले काम करने वाली एक लड़की ने उसके पुराने ड्राइवर के साथ मिलकर रची थी। पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।

रास्ते में घेरकर व्यापारी पर बोला हमला

जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय लोहा व्यापारी ललित मित्तल सोमवार रात करीब 7:50 बजे अपने टांडा रोड स्थित दफ्तर से घर लौट रहे थे। उनका घर सूर्या एनक्लेव में है। वह किशनपुरा में दुग्गल बेकरी की तरफ से होते हुए 120 फीट रोड पर पहुंचे। इसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि एक सफेद रंग की कार उनका पीछा कर रही है।

120 फीट रोड पर स्ट्रीट लाइटें बंद थीं। व्यापारी ने बताया था कि उन्होंने कार की रफ्तार तेज की, लेकिन पीछा कर रही कार अचानक उनकी कार के आगे आ गई। उन्होंने कार रोकने का इशारा किया तो आरोपियों ने वाहन पीछे कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी और कुछ दूरी पर उन्हें घेर लिया।

रॉड से तोड़े कार के शीशे, माथे पर किया वार

आरोपियों ने रॉड से व्यापारी की कार के शीशे तोड़ दिए और ललित मित्तल पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके माथे पर भी वार किया गया। हमलावर कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बताया गया था कि बैग में करीब 50 लाख रुपये की नकदी थी।

वारदात के बाद हिमाचल की ओर भागे आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार लेकर हिमाचल प्रदेश की ओर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

लड़की और पुराने ड्राइवर की भूमिका सामने आई

सूत्रों के मुताबिक, इस पूरी वारदात में व्यापारी की दुकान पर कुछ माह पहले काम करने के लिए रखी गई लड़की की भूमिका सामने आई है। बताया जा रहा है कि लड़की ने व्यापारी के पुराने ड्राइवर के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।

सीजेएस स्कूल के मालिक हैं ललित मित्तल

गौरतलब है कि ललित मित्तल सीजेएस स्कूल के मालिक हैं और सूर्या एनक्लेव रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव भी हैं। पुलिस की ओर से जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरी साजिश से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *