loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

चंडीगढ़ में बर्फ के गोले में शराब मिलाकर बांटी, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया एक्शन

भारत इंफो : चंडीगढ़ के पॉश सेक्टर-9 मार्केट में खुलेआम शराब बांटने के मामले में सेक्टर-3 थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने DJ मालिक राजेश सचदेवा के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सामने आया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।

चुस्की में मिलाकर बांटी जा रही थी शराब
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-9 स्थित शराब ठेके के बाहर नए शराब ब्रांड के प्रमोशन के लिए स्टॉल लगाया गया था। यहां लोगों को बर्फ के गोलों यानी चुस्की में वोदका मिलाकर मुफ्त में दी जा रही थी।

वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में युवाओं की भीड़ स्टॉल के आसपास दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो खुद शराब ठेके से जुड़े लोगों की ओर से इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था, जिसे विवाद बढ़ने के बाद डिलीट कर दिया गया। हालांकि तब तक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल चुका था।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सेक्टर-3 थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि शराब ठेके के बाहर खुलेआम लोगों को नई शराब ब्रांड को प्रमोट करने के लिए शराब पिलाई जा रही थी। आयोजन के दौरान DJ की व्यवस्था राजेश सचदेवा ने की थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रशासन ने लाइसेंस होल्डर को भेजा नोटिस
इस मामले पर चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने कहा कि सेक्टर-9 के जिस शराब ठेके के बाहर यह गतिविधि हुई, उसके लाइसेंस होल्डर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। मामले की जांच की जा रही है और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शराब ठेकेदार पर सवाल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि DJ मालिक के खिलाफ कार्रवाई की गई, लेकिन शराब ठेकेदार के खिलाफ अभी तक कोई सख्त कदम सामने नहीं आया है। इस पूरे घटनाक्रम ने शहर में शराब प्रमोशन और सार्वजनिक स्थानों पर नियमों के पालन को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *