भाखड़ा मेन लाइन नहर पर 60 मीटर लंबा स्टील ब्रिज ढहा; सर्विस रोड से निकाला जा रहा ट्रैफिक, सुरक्षा के लिए तैनात किए गए मार्शल
भारत इंफो, चंडीगढ़/पटियाला
पटियाला-संगरूर रोड पर भाखड़ा नहर के ऊपर बने पुल के ढहने के बाद नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने चंडीगढ़-बठिंडा हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। NHAI ने यात्रियों को प्रभावित हिस्से पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
NHAI की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यह हादसा NH-64 (नया NH-07) के पटियाला बाईपास सेक्शन पर हुआ। यहां भाखड़ा मेन लाइन नहर के ऊपर बना करीब 60 मीटर लंबा स्टील ट्रस ब्रिज गुरुवार सुबह लगभग 6 बजे सड़क के बाईं तरफ (LHS) ढह गया।
सर्विस रोड से निकाला जा रहा ट्रैफिक
NHAI के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद उसकी इंसिडेंट मैनेजमेंट टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा को देखते हुए बाईं तरफ से गुजरने वाले ट्रैफिक को सर्विस रोड की तरफ डायवर्ट कर दिया गया। घटनास्थल पर 24 घंटे रोड सेफ्टी मार्शल तैनात किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने की व्यवस्था की है। इसके अलावा वाहन चालकों को समय रहते सतर्क करने के लिए पर्याप्त साइन बोर्ड और लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। ढहे हुए पुल के हिस्से को सुरक्षित रखने के लिए आसपास व्यू-कर्टेन भी लगाए जा रहे हैं।
NHAI ने निर्माण से जुड़ी जानकारी भी दी
NHAI ने अपने बयान में बताया कि पटियाला बाईपास का फोरलेनिंग सेक्शन वर्ष 2018 में उसके सुपुर्द किया गया था। इस हिस्से का फोरलेनिंग निर्माण पंजाब सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने करवाया था। फिलहाल यह सेक्शन NHAI के शॉर्ट टर्म मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट के तहत है। अथॉरिटी ने यह भी स्पष्ट किया कि ढहा हुआ बाईं तरफ का पुल बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन (BRO) ने पंजाब सरकार के लोक निर्माण विभाग की निगरानी में बनाया था।
वाहन चालकों के लिए जरूरी सलाह
पटियाला बाईपास के प्रभावित हिस्से पर विशेष सावधानी बरतें।मौके पर लगाए गए ट्रैफिक संकेतों और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
सर्विस रोड से गुजरते समय गति नियंत्रित रखें।
प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक रुकने या भीड़ लगाने से बचें।
चंडीगढ़-बठिंडा की यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी अवश्य लें।
NHAI ने कहा है कि सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और यातायात को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।