Wednesday, November 18, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 17°C
Breaking News

डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे BJP अध्यक्ष नितिन नबीन, राहुल गांधी पर साधा निशाना; समरसता संकल्प यात्रा को दिखाई हरी झंडी

भारत इंफो : जालंधर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेककर संत निरंजन दास से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भाजपा की 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा 18 नवंबर से शुरू होकर देश के 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी। करीब 2,402 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद 3 दिसंबर को काशी में इसका समापन होगा।

इस मौके पर नितिन नबीन ने गुरु रविदास जी के विचारों का उल्लेख करते हुए सामाजिक समानता और सभी वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की बात कही। वहीं, सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अमेरिका दौरे के दौरान दिए गए बयान पर भी निशाना साधा।

गुरु रविदास जी के विचारों को समर्पित है यात्रा
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि गुरु रविदास जी ने ऐसे आदर्श समाज की कल्पना की थी, जहां हर व्यक्ति खुशहाल हो और किसी को भूखा न रहना पड़े। उनके विचारों में सामाजिक समानता और हर वर्ग के कल्याण का संदेश मिलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पीएम आवास योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
नितिन नबीन ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। समरसता संकल्प यात्रा के माध्यम से विकसित पंजाब का संकल्प दोहराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के विकास से ही विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

राहुल गांधी के अमेरिका वाले बयान पर किया पलटवार
सभा के दौरान भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी के अमेरिका दौरे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं। नितिन नबीन ने कहा कि राहुल गांधी भारतीय अर्थव्यवस्था को आर्थिक आपदा बता रहे हैं, जबकि उनके मुताबिक देश की अर्थव्यवस्था को लेकर ऐसी टिप्पणी उचित नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भारत नहीं, राहुल गांधी की मानसिकता डिजास्टर है।” उनका यह बयान राहुल गांधी की ओर से मंगलवार को अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर की गई
टिप्पणी के संदर्भ में आया।

PM मोदी और राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर की तुलना
नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशों में जाकर भारत के लिए निवेश के नए अवसर तलाश रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का सम्मान बढ़ा रहे हैं। दूसरी तरफ राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र पर सवाल उठाते हैं।

उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश भारत को एक उभरती आर्थिक शक्ति के रूप में देख रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी को देश की अर्थव्यवस्था में संकट नजर आता है। नबीन ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को देश की तरक्की दिखाई नहीं देती, क्योंकि उनके परिवार और पार्टी का विकास नहीं हो रहा, जबकि देश के 140 करोड़ लोगों का विकास हो रहा है।

7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी यात्रा
भाजपा की यह यात्रा पंजाब से शुरू होकर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से गुजरेगी। 16 दिनों के दौरान करीब 2,402 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी और 3 दिसंबर को काशी में इसका समापन होगा। यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास जी के सामाजिक समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को लोगों तक पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *