भारत इंफो : बिहार के बेतिया में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है। कालीबाग थाना क्षेत्र के व्यस्त सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित ‘सेंको गोल्ड एंड डायमंड’ शोरूम में बुधवार दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला और करोड़ों रुपये के आभूषण लूट लिए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लूटे गए गहनों की कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये के आसपास बताई जा रही है।
तीन बाइकों पर सवार होकर आए थे 6 से 8 अपराधी
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीन बाइकों पर सवार होकर करीब 6 से 8 अपराधी शोरूम पहुंचे थे। सभी के हाथों में बंदूक और अन्य घातक हथियार थे। शोरूम में दाखिल होते ही बदमाशों ने हथियारों के बल पर वहां मौजूद कर्मचारियों को धमकाकर अपने कब्जे में ले लिया। अचानक हुए इस हमले से कर्मचारियों और ग्राहकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
BREAKING
बिहार के बेतिया में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित सेंको ज्वेलर्स शोरूम में हथियारबंद बदमाशों ने करोड़ों के आभूषण लूट लिए।
बताया जा रहा है कि तीन बाइक पर सवार करीब 8 अपराधी शोरूम पहुंचे और हथियारों के बल पर लूटपाट की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 30 से 40 करोड़ रुपये के आभूषण लूटे जाने की आशंका है।
दिनदहाड़े इतनी बड़ी लूट ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#Bettiah #BiharNews #BreakingNews
— Prabhakar Kumar (@prabhakarjourno) November 18, 2026
विरोध करने पर कर्मचारी को पीटा, नकदी भी ले उड़े
लूटपाट के दौरान अपराधियों ने शोरूम में रखे सोने-चांदी और हीरे के कीमती आभूषण समेटने शुरू कर दिए। इस बीच विरोध करने पर बदमाशों ने एक कर्मचारी के साथ मारपीट भी की और बंदूक की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया। कर्मचारियों का दावा है कि लुटेरे शोरूम में रखे लगभग सभी गहने और नकदी समेटकर फरार हो गए।
व्यस्त इलाके में वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। दिनदहाड़े शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक पर हुई इस करोड़ों की डकैती से इलाके और शोरूम कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच व नाकेबंदी में जुट गए हैं।