Wednesday, November 18, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 17°C
Breaking News

BREAKING NEWS: पंजाब विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने किया 42 सदस्यीय चुनाव समिति का गठन; परगट सिंह होंगे चेयरमैन 

2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस हाईकमान ने बनाई प्रदेश चुनाव समिति, बाजवा, चन्नी, राजा वड़िंग, रंधावा और अंबिका सोनी समेत कई दिग्गज नेता शामिल

भारत इंफो, नई दिल्ली/चंडीगढ़

पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी हाईकमान ने प्रदेश में 42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति (Pradesh Election Committee) का गठन किया है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह को इस महत्वपूर्ण समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने समिति के गठन को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस समिति में पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मुख्यमंत्रियों, सांसदों और विधायकों को शामिल किया गया है।

कई दिग्गज नेताओं को मिली जगह

42 सदस्यीय समिति में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल, सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, अंबिका सोनी, मनीष तिवारी, सुखपाल सिंह खैहरा, विजय इंदर सिंगला और शमशेर सिंह दुल्लो जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।इसके अलावा गुरजीत सिंह औजला, डॉ. धर्मवीर गांधी, शेर सिंह घुबाया, कुलजीत सिंह नागरा, ओम प्रकाश सोनी, राणा गुरजीत सिंह, ब्रह्म मोहिंद्रा, रजिया सुल्ताना, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, भारत भूषण आशु, अरुणा चौधरी, बलबीर सिंह सिद्धू, गुरप्रीत सिंह कांगड़, साधु सिंह धर्मसोत, रंजीत सिंह नाभा, अवतार हेनरी, कुशलदीप सिंह ढिल्लों, हरदेव सिंह लाडी और कैप्टन संदीप सिंह संधू सहित अन्य नेताओं को भी समिति में जगह दी गई है।

उम्मीदवार चयन और चुनावी रणनीति में होगी अहम भूमिका

प्रदेश चुनाव समिति की भूमिका आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया, चुनावी रणनीति तैयार करने और राज्य में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय में महत्वपूर्ण होगी। समिति में पंजाब कांग्रेस के अलग-अलग वरिष्ठ नेताओं और राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले चेहरों को शामिल किया गया है। इसके अलावा पंजाब के प्रभारी एआईसीसी महासचिव, उनके साथ नियुक्त एआईसीसी सचिवों और प्रदेश में कांग्रेस के विभिन्न फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों को पदेन सदस्य बनाया गया है।

 

परगट सिंह के नेतृत्व में अब चुनावी तैयारियों को मिलेगी दिशा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह को चुनाव समिति की कमान सौंपना आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक जिम्मेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण है। अब समिति के माध्यम से पार्टी की चुनावी तैयारियों, उम्मीदवारों के चयन और वरिष्ठ नेताओं के बीच तालमेल को आगे बढ़ाया जाएगा। 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस का यह फैसला पंजाब में पार्टी की चुनावी रणनीति को औपचारिक रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक कदम माना जा रहा है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *