Wednesday, November 18, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 16°C
Breaking News

‘आर्थिक तबाही के कगार पर खड़ा है भारत’, कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी का बड़ा बयान; बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर मोदी सरकार को घेरा

बोले- भारत का आर्थिक मॉडल करीब एक दशक से नतीजे देने में नाकाम

‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ पर भी उठाए सवाल, भाजपा ने बताया ‘एंटी-इंडिया प्रोपेगेंडा’

भारत इंफो, नई दिल्ली

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिका की प्रतिष्ठित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि देश आर्थिक तबाही के कगार पर खड़ा है। उन्होंने बेरोजगारी, कमजोर विनिर्माण क्षेत्र और शिक्षा व्यवस्था की खामियों को भारतीय अर्थव्यवस्था की बड़ी चुनौतियां बताया। राहुल गांधी मंगलवार को न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आयोजित संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे।

‘युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आ रहा’

राहुल गांधी ने कहा कि भारत में बेरोजगारी की समस्या बेहद गंभीर है और बड़ी संख्या में शिक्षित युवा भी रोजगार के अवसरों को लेकर निराश हैं। उनके अनुसार, युवाओं को लगता है कि अच्छी यूनिवर्सिटी से डिग्री हासिल करने के बावजूद नौकरी की गारंटी नहीं है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी अपने माता-पिता से भी सवाल कर रही है कि जब पढ़ाई के बाद रोजगार नहीं मिल रहा तो पुराने अनुभवों और सलाह का क्या महत्व रह जाता है। राहुल के मुताबिक, युवाओं में बढ़ती निराशा की मुख्य वजह उन्हें अपने भविष्य की संभावनाएं दिखाई नहीं देना है।

‘मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया से नहीं बदली तस्वीर’

कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत के आर्थिक मॉडल ने करीब एक दशक से अपेक्षित परिणाम देना बंद कर दिया है। राहुल गांधी ने छोटे और मध्यम उद्योगों (MSME) तथा कृषि क्षेत्र को अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ बताते हुए कहा कि रोजगार पैदा करने के लिए विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल सर्विस सेक्टर के सहारे देश की विशाल युवा आबादी को रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।

भाजपा का पलटवार, राहुल को बताया ‘एंटी-इंडिया प्रोपेगेंडा’ का नेता

राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने उन्हें ‘एंटी-इंडिया प्रोपेगेंडा’ का नेता करार देते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र की नकारात्मक तस्वीर पेश करते हैं। भाजपा ने कहा कि जब दुनिया भारत को तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल मान रही है, तब राहुल गांधी देश को आर्थिक तबाही की ओर बढ़ता हुआ बता रहे हैं। भाजपा नेता दिलीप घोष ने भी राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत की जीडीपी और विदेशी मुद्रा भंडार की स्थिति देश की आर्थिक ताकत को दर्शाती है।

अमेरिका दौरे पर हैं राहुल गांधी

राहुल गांधी दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। कोलंबिया यूनिवर्सिटी में संवाद के बाद उनका शिकागो यूनिवर्सिटी में भी कार्यक्रम निर्धारित है। इस दौरे के दौरान उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी अपनी चिंताएं व्यक्त की हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *