Tuesday, November 17, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 16°C
Breaking News

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत आएंगे पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक, 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली में रहेंगे

SCO के सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान का करेंगे प्रतिनिधित्व

तीन साल से अधिक समय बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री का भारत दौरा

भारत इंफो, नई दिल्ली/इस्लामाबाद

भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक 20 से 22 नवंबर 2026 तक भारत दौरे पर आएंगे। वह नई दिल्ली में आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने 14 नवंबर को आधिकारिक बयान जारी कर मुसादिक मसूद मलिक को इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश का प्रतिनिधि नामित किए जाने की पुष्टि की है। इस दौरे को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि मई 2023 में तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद तीन साल से अधिक समय में किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा होगी।

क्या है दौरे का उद्देश्य?

नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाला SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक संवाद, सभ्यताओं की समझ और आपसी संपर्क को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

इस सम्मेलन में SCO के सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे भारत की ओर से सभी 10 सदस्य देशों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन ऐतिहासिक पुराना किला परिसर में होना निर्धारित है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, सरकार सभ्यताओं के बीच संवाद और SCO के मंच के माध्यम से लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहला पाकिस्तानी मंत्री भारत आएगा

मुसादिक मलिक का प्रस्तावित दौरा भारत-पाकिस्तान संबंधों के लिहाज से भी अहम है। अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत की ओर से ऑपरेशन सिंदूर चलाए जाने के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव बढ़ गया था। मई 2025 में दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव भी हुआ था। इसके बाद उच्चस्तरीय द्विपक्षीय संपर्क सीमित रहे हैं। ऐसे माहौल में पाकिस्तानी मंत्री की भारत यात्रा को SCO के बहुपक्षीय मंच पर दोनों देशों की भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है।

क्या भारत-पाकिस्तान के बीच होगी बातचीत?

फिलहाल इस दौरे के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच किसी अलग द्विपक्षीय बैठक या औपचारिक बातचीत की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। मुसादिक मलिक का दौरा मुख्य रूप से SCO के कार्यक्रम में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने के लिए निर्धारित है। हालांकि, दोनों देशों के प्रतिनिधियों की एक ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर मौजूदगी को क्षेत्रीय कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। गौरतलब है कि SCO के 10 सदस्य देशों में भारत, पाकिस्तान, चीन, रूस, ईरान, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान शामिल हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *