Tuesday, November 17, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 17°C
Breaking News

मावां-धीयां दी ललकार, खत्म करांगे नशे दा कारोबार… : हरसिमरत कौर बादल

समराला में ‘माई भागो दी फौज’ के तहत महिलाओं का विशेष सम्मेलन

अकाली दल की सरकार बनने पर गरीब परिवारों को हर महीने 50 किलो गेहूं और 5-5 मरले के प्लाट देने का ऐलान

भारत इंफो, समराला

पंजाब में नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ महिलाओं को लामबंद करने के उद्देश्य से शिरोमणि अकाली दल ने सोमवार को समराला में ‘मावां-धीयां दी ललकार, खत्म करांगे नशे दा कारोबार के नारे के साथ विशेष सम्मेलन आयोजित किया। शाही पैलेस, खन्ना रोड पर आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अकाली दल की वरिष्ठ नेता हरसिमरत कौर बादल ने शिरकत करते हुए कहा कि पंजाब से नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए माताओं और बेटियों को एकजुट होकर आगे आना होगा। इस सम्मेलन की अगवाई हलके के प्रभारी परमजीत सिंह ढिल्लों ने की।

उन्होंने इस अभियान के तहत ‘माई भागो दी फौज’ के गठन को अहम पहल बताते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है। इसमें महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर गरीब परिवारों को हर महीने 50 किलो गेहूं और 5-5 मरले के प्लाट दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल की तरफ से शुरू की गई आशीर्वाद स्कीम को बढ़कर एक लाख रुपये किया जाएगा।

60 एकड़ में फूड प्रोसेसिंग यूनिट का मुद्दा भी उठा

सम्मेलन के दौरान परमजीत सिंह ढिल्लों ने मुशकाबाद में करीब 60 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित मेगा फूड प्रोसेसिंग यूनिट का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी, लेकिन बाद में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों के कार्यकाल में इसे आगे बढ़ाने के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए।

उन्होंने हरसिमरत कौर बादल से इस परियोजना को दोबारा शुरू करवाने के लिए प्रयास करने की अपील की। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

बड़ी संख्या में महिलाओं ने लिया हिस्सा

सम्मेलन में स्त्री अकाली दल की नेताओं सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इस मौके पर सुखप्रीत कौर ढिल्लों, परमजीत कौर कंग, प्रकाश कौर, हरजिंदर कौर पवात, एसजीपीसी सदस्य तेजिंदर कौर ढिल्लों, हरशरण कौर कोटाला, मनदीप कौर ढिल्लों, सुरिंदर कौर कॉफी, कुलविंदर कौर, जसप्रीत कौर, परमजीत कौर रंधावा, कुलविंदर कौर माछीवाड़ा, जसवंत कौर, कलदीप कौर, गुरविंदर कौर कोटाला बेट और अमरिंदर कौर मलमाजरा सहित कई अकाली नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *