loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 21°C
Breaking News

दिल्ली के पूर्व सीएम को धमकी देने वाला आरोपी अरेस्ट, ‘कोमल’ से बना था ‘कोबरा’

भारत इंफो : दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने वाले कॉलर को पंजाब पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रोहतक के शास्त्री/अमृत कॉलोनी निवासी कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा के रूप में हुई है। शनिवार (14 नवंबर) को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

परिवार को गिरफ्तारी के बाद हुई घटना की जानकारी
आरोपी के भाई तिलकराज ने बताया कि शुक्रवार (12 नवंबर) को पंजाब पुलिस सादे कपड़ों में उनके घर आई और कोमल को रोहतक की शास्त्री कॉलोनी से अपने साथ ले गई। परिवार को इस बात की कोई भनक नहीं थी कि कोमल ने अरविंद केजरीवाल को धमकी दी है; उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी उसकी गिरफ्तारी के बाद ही मिल पाई।

DC ऑफिस से बर्खास्त होने के बाद खुद को रखने लगा था ‘कोबरा’
मूल रूप से समरगोपालपुर कलां गांव का रहने वाला कोमल पिछले कुछ सालों से अपने परिवार के साथ रोहतक की अमृत कॉलोनी में रह रहा था। वह रोहतक डीसी कार्यालय में क्लर्क के पद पर तैनात था, लेकिन करीब 6 महीने पहले डीसी ने उसे सेवा से बर्खास्त (टर्मिनेट) कर दिया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि उसे अपना असली नाम पसंद नहीं था, इसलिए उसने अपना नाम बदलकर ‘कोबरा’ रख लिया था।

आप विधायक जरनैल सिंह की शिकायत पर हुई कार्रवाई
यह पूरा मामला दिल्ली के तिलकनगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया था। विधायक ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया था कि गत 6 नवंबर को शाम करीब 6 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल और व्हाट्सएप मैसेज आए थे, जिसमें अरविंद केजरीवाल को लेकर गंभीर धमकियां दी गई थीं। इसी शिकायत के आधार पर तकनीकी सर्विलांस की मदद से पंजाब पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे दबोच लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *