भारत इंफो : जालंधर-पठानकोट रोड स्थित गांव राउवाली में देर रात हथियारबंद लुटेरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। आधा दर्जन से ज्यादा लुटेरे एक घर में घुसे और वहां मौजूद महिला को बंधक बना लिया। इसके बाद लुटेरे घर से करीब 5 लाख रुपये की नकदी और 22 तोले सोना लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पहले दूसरी कोठी में घुसने की कोशिश
बताया जा रहा है कि लूट की इस वारदात से करीब एक घंटे पहले लुटेरों ने इलाके की एक अन्य कोठी में घुसने की कोशिश की थी। हालांकि, वहां लोगों को भनक लग गई और उन्होंने शोर मचा दिया। लोगों के शोर मचाने के बाद लुटेरे मौके से भाग निकले और उस कोठी में वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
घटना की जानकारी इलाके के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को भी दे दी थी। इसके बावजूद कुछ देर बाद लुटेरों ने पास के एक अन्य घर को निशाना बना लिया।
महिला को बंधक बनाकर घर में की लूट
आरोप है कि लुटेरे दूसरे घर में दाखिल हुए और वहां मौजूद महिला को बंधक बना लिया। इसके बाद उन्होंने घर में तलाशी लेकर नकदी और सोना अपने कब्जे में कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी लुटेरे मौके से फरार हो गए। लूट के बाद घर में सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारी और अन्य सामान की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि लुटेरों ने घर में काफी देर तक तलाशी ली।
CCTV में कैद हुई लुटेरों की हरकत
पूरी घटना से जुड़ी गतिविधियां इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई हैं। फुटेज में कुछ लोग हाथों में लाठियां लेकर घर में घुसने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वे दीवार फांदने का प्रयास करते हैं, लेकिन शोर होने पर वहां से भाग निकलते हैं।
वहीं, वारदात के बाद की फुटेज में घर के अंदर अलमारी का सामान बिखरा हुआ नजर आ रहा है।
थाना मकसूदा पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना मकसूदा की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है। आसपास के इलाके में भी लुटेरों की गतिविधियों को लेकर जांच की जा रही है।