Thursday, November 5, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 22°C
Breaking News

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से निर्विरोध राज्यसभा सदस्य निर्वाचित

दो उम्मीदवारों के नामांकन रद्द होने के बाद मुकाबले में अकेले रह गए थे पुरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्राप्त किया निर्वाचन प्रमाणपत्र

भारत इंफो, भोपाल

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। गुरुवार को नामांकन वापस लेने की समय-सीमा समाप्त होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर उमेश कुमार शर्मा ने उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की।

दरअसल, राज्यसभा की इस सीट पर उपचुनाव होना था। पुरी के मुकाबले मैदान में उतरे दो निर्दलीय उम्मीदवारों राजकुमार लोहानी और कांटे सयन्ना के नामांकन जांच के दौरान रद्द कर दिए गए थे। इसके बाद पुरी चुनाव मैदान में अकेले रह गए थे।

निर्वाचन अधिकारी से पुरी का निर्वाचन प्रमाणपत्र मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्राप्त किया। इस दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा तथा भगवानदास सबनानी भी मौजूद रहे।

एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट

मध्य प्रदेश से राज्यसभा की यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के 14 अक्टूबर को इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। भाजपा ने इस सीट के उपचुनाव के लिए हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार बनाया था। गौरतलब है कि पुरी पूर्व भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी हैं और 2009 से 2013 तक संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *