भारत इंफो, जालंधर : भारत और पाकिस्तान के बीच जारी संवेदनशील द्विपक्षीय माहौल का असर अब हॉकी पर भी दिखाई देने लगा है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने अगले महीने भारत में होने वाली मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 को भारत से बाहर किसी अन्य स्थान पर आयोजित करने या पाकिस्तान के सभी मुकाबले किसी न्यूट्रल वेन्यू पर कराने की मांग की है।
पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद वानी, जो पाकिस्तान के इंटर-प्रोविंशियल कोऑर्डिनेशन मंत्रालय के संघीय सचिव भी हैं, ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि PHF ने इस संबंध में एशियन हॉकी फेडरेशन (AHF) को औपचारिक अनुरोध भेज दिया है।
वानी के मुताबिक, पाकिस्तान की मांग का उद्देश्य पाकिस्तान की टीम और उसके अधिकारियों के लिए प्रतियोगिता के दौरान उचित और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना है।
PHF ने हालांकि यह स्पष्ट किया है कि वह एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने के लिए प्रतिबद्ध है। पाकिस्तान भारत के खिलाफ खेलने के लिए भी तैयार है, लेकिन उसकी शर्त है कि मुकाबला भारत के बजाय किसी न्यूट्रल वेन्यू पर कराया जाए।
अब निगाहें एशियन हॉकी फेडरेशन के फैसले पर हैं। यदि पाकिस्तान की मांग स्वीकार की जाती है, तो टूर्नामेंट के आयोजन स्थल और पाकिस्तान के मुकाबलों के कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ सकता है।
भारत ने साफ कर दिया मना
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी जनरल भोलानाथ सिंह ने कहा कि ऐसी किसी भी मांग को स्वीकार नहीं किया जाएगा और ना ही वेन्यू में कोई बदलाव होगा. पाकिस्तान पहले भी ऐसा कर चुका है. अगर उन्हें एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में खेलना है तो भारत आकर खेलना होगा.
भोलानाथ सिंह ने पाकिस्तान की हेंकड़ी निकालते हुए यह भी कहा कि पाकिस्तान अगर चैंपियंस ट्रॉफी खेलने भारत नहीं आता है, तो ओमान और बांग्लादेश बैक-अप विकल्प के लिए मौजूद हैं. इन दोनों में से कोई एक पाकिस्तान टीम की जगह ले सकता है.