Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

जालंधर में एनकाउंटर से पहले रची गई थी बड़ी साजिश, शोरूम पर फायरिंग करने पहुंचे थे तरनतारन के युवक

भारत इंफो : जालंधर के जमशेरपुर में डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश सुखजिंदर को लेकर पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह का बयान सामने आया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने एक शोरूम पर फायरिंग करने की योजना बनाई थी।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि पिछले शनिवार को एक शोरूम को निशाना बनाकर फायरिंग की योजना बनाई गई थी। हालांकि शोरूम मालिक को किसी तरह की धमकी भरी कॉल नहीं मिली थी। पुलिस टीम ने जांच के दौरान मामले को ट्रेस किया और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

तरनतारन से आए थे दो युवक
CP सतिंदर सिंह के अनुसार, तरनतारन के काका कंडियाला गांव से दो युवक जालंधर पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस टीम ने समय रहते उनकी योजना को नाकाम कर दिया। जांच में आरोपियों की पहचान सुखजिंदर और सहजदीप के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार जमशेरपुर में छिपाकर रखे गए थे।

हथियार बरामद करने पहुंची पुलिस पर फायरिंग
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को हथियारों के ठिकाने की जानकारी मिली। पुलिस टीम सुखजिंदर को हथियार बरामद करने के लिए जमशेरपुर लेकर पहुंची थी। इसी दौरान सुखजिंदर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान सुखजिंदर के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, सहजदीप को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

तीसरा आरोपी जश्नप्रीत भी साजिश में शामिल
CP सतिंदर सिंह के मुताबिक इस मामले में आरोपियों के गांव का रहने वाला जश्नप्रीत भी शामिल था। पुलिस का कहना है कि वह वारदात के समय आरोपियों के साथ नहीं आया था, लेकिन तीनों ने मिलकर कथित तौर पर वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस अब जश्नप्रीत की तलाश कर रही है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जश्नप्रीत की मां को भी कथित साजिश की जानकारी होने के चलते गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *