भारत इंफो : तरनतारन में अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार राजोवाल गांव के पास सड़क किनारे बनी पुली से जा टकराई। हादसे में एक मेडिकल स्टूडेंट की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान अंगद दीप सिंह के रूप में हुई है।
स्कूल जाने के लिए निकले थे चारों दोस्त
मृतक और घायलों के परिजनों के अनुसार, 18 वर्षीय जुड़वा भाई एकमप्रीत और सिमरप्रीत अमृतसर के दिल्ली पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ते हैं। दोनों मंगलवार सुबह स्कूल जाने के लिए बाइक लेकर घर से निकले थे। रास्ते में वे अपने दोस्त की कार में सवार हो गए और चारों दोस्त एक साथ स्कूल के लिए रवाना हुए।
राजोवाल के पास पुली से टकराई कार
बताया गया है कि अंगद दीप सिंह और अरमानदीप भी एकमप्रीत और सिमरप्रीत के साथ एक ही कक्षा में पढ़ते थे। चारों दोस्त कार में सवार होकर स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान राजोवाल गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुली से जा टकराई। हादसे में अंगद दीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
फोर्टिस अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में अरमानदीप, एकमप्रीत और सिमरप्रीत गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को इलाज के लिए अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार किस वजह से अनियंत्रित हुई और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।