स्पीकर को भेजा विधानसभा सदस्यता छोड़ने का पत्र, जून 2025 में पार्टी से किए गए थे निलंबित
भारत इंफो, चंडीगढ़
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को एक और राजनीतिक झटका लगा है। अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा स्पीकर को भेज दिया है।
गौरतलब है कि कुंवर विजय प्रताप सिंह को जून 2025 में आम आदमी पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। उनके इस्तीफे से पंजाब की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजरें विधानसभा स्पीकर के फैसले और इस घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर रहेंगी।
इस घटनाक्रम को 2 नवंबर की पंजाब की राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे पहले AAP के दो अन्य विधायकों चेतन सिंह जौरामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भी पार्टी छोड़ने का फैसला किया था।
कुंवर विजय प्रताप सिंह पूर्व IPS अधिकारी हैं और 2022 में अमृतसर नॉर्थ से विधायक चुने गए थे। जून 2025 में अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ विजिलेंस कार्रवाई पर सवाल उठाने के बाद AAP ने उन्हें पांच साल के लिए निलंबित कर दिया था।