Sunday, September 13, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

जालंधर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, सड़क किनारे खड़ी महिला-बच्ची को मारी टक्कर

भारत इंफो : जालंधर की मुस्लिम कॉलोनी इलाके में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने सड़क किनारे खड़ी एक महिला और बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे देखकर स्कॉर्पियो चालक कार को वहीं छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर थाना रामामंडी पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

सब्जी लेने मार्केट आई थी महिला
घायल महिला के ससुर मोहिंदर सिंह ने बताया कि उनकी बहू सब्जी लेने के लिए मार्केट आई थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वहां से गुजरी। उसके पीछे एक फॉर्च्यूनर कार भी आ रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों के बीच तेज रफ्तार में पीछा चल रहा था।

इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार सड़क किनारे खड़ी महिला व बच्ची से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया।

कार मौके पर छोड़कर भागा चालक
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों को आता देख स्कॉर्पियो चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना रामामंडी की टीम मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
थाना रामामंडी के जांच अधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से मुस्लिम कॉलोनी में कार की चपेट में आने से महिला के घायल होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया। पुलिस हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर मामले में बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *