loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

कनाडा में पंजाब के 2 दोस्तों की जान गई, परिवार ने लगाई मदद की अपील

भारत इंफो : कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शहर की लाशीन नहर में डूबने से दो पंजाबी युवकों की असामयिक मौत हो गई है। मृतकों की पहचान बरनाला जिले की तपा मंडी के रहने वाले लवप्रीत सिंह (26 वर्ष) और अमृतसर के बुटाला (नौरंगपुर) गांव के एक अन्य युवक के रूप में हुई है। इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरा सदमा पहुँचाया है।

नहर किनारे युवक का फिसला पैर
दोनों युवक लाशीन नहर के किनारे मौजूद थे। इसी दौरान अमृतसर निवासी युवक का पैर अचानक फिसल गया और वह पानी में गिर गया। उसे डूबता देख लवप्रीत सिंह ने तुरंत उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। हालांकि, नहर के गहरे पानी और तेज बहाव के कारण दोनों युवक बाहर नहीं निकल सके और उनकी डूबने से मौत हो गई।

बेहतर भविष्य के लिए बेची थी अपनी जमीन
मृतक लवप्रीत सिंह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता बलवीर सिंह, जो सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त जवान हैं, ने बेटे के सुनहरे भविष्य के लिए अपनी दो एकड़ जमीन बेचकर उसे करीब ढाई साल पहले वर्क परमिट पर कनाडा भेजा था। लवप्रीत वहां ट्राला चालक के रूप में कार्यरत था। परिवार के लिए यह सदमा असहनीय है क्योंकि लवप्रीत ने महज 10 दिन पहले ही घर पर फोन पर बात की थी और सब कुछ ठीक होने का आश्वासन दिया था।

प्रशासन और सरकार से मदद की गुहार
लवप्रीत सिंह के दुखी माता-पिता ने भारत सरकार, पंजाब सरकार, एनआरआई समुदाय और विदेशों में सक्रिय समाजसेवियों से भावुक अपील की है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रशासनिक और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि उनके इकलौते बेटे के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द कनाडा से पंजाब लाया जा सके। परिवार का कहना है कि वे अपने बेटे का अंतिम संस्कार उसकी धार्मिक मान्यताओं और रीति-रिवाजों के अनुसार करना चाहते हैं। फिलहाल, यह पूरा मामला पंजाब से लेकर कनाडा तक के पंजाबी समुदाय में चर्चा का विषय बना हुआ है और हर कोई पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *