loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

जालंधर में एनकाउंटर, पुलिस पर गोली चलाने वाला आरोपी जवाबी कार्रवाई में घायल

भारत इंफो : जालंधर में हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। थाना-7 क्षेत्र में दर्ज फायरिंग मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस आरोपी को उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद कराने लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी की टांग में लगी, जिसके बाद उसे काबू कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

NDPS एक्ट में गिरफ्तार आरोपी निकला फायरिंग केस का भी आरोपी
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान शामदास निवासी दरभंगा (बिहार) के रूप में हुई है, जो फिलहाल जालंधर के गढ़ा स्थित फगवाड़ी मोहल्ले में रह रहा था। उसे 4 जुलाई को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि उसके खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) का एक अन्य मामला भी दर्ज है।

पुलिस को गुमराह कर निकाला छिपा हुआ हथियार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में पता चला था कि आरोपी ने जिस हथियार का इस्तेमाल फायरिंग की वारदात में किया था, उसे छिपाकर रखा हुआ है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस उसे हथियार बरामद कराने लेकर पहुंची। इस दौरान वह लगातार पुलिस को गलत स्थान बताकर गुमराह करता रहा। जब पुलिसकर्मी उससे कुछ दूरी पर हथियार तलाश रहे थे, तभी आरोपी ने पुलिस कस्टडी से खुद को छुड़ाया, छिपा हुआ हथियार निकाला और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी फायरिंग में आरोपी की टांग में लगी गोली
आरोपी की फायरिंग के बाद मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस के एक एएसआई द्वारा की गई फायरिंग में आरोपी की टांग में गोली लगी। इसके बाद उसे काबू कर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायर किए थे।

रिश्तेदार पर फायरिंग और नशा तस्करी से जुड़े खुलासे
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अमरजीत नामक व्यक्ति पर फायरिंग की थी, जो उसका रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस का यह भी दावा है कि आरोपी बिहार से नशीले पदार्थ लाकर पंजाब में सप्लाई करने के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे इस मामले में कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *