loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 34°C
Breaking News

जालंधर को बड़ा झटका! वंदे भारत एक्सप्रेस अब नहीं रुकेगी सिटी स्टेशन पर

भारत इंफो : जालंधर और आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों के लिए एक अहम बदलाव सामने आया है। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन मार्ग में परिवर्तन कर दिया गया है। अब यह ट्रेन जालंधर सिटी और ब्यास स्टेशन के बजाय गुरदासपुर और बटाला होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।

16 जून से लागू होगी नई व्यवस्था
रेलवे द्वारा जारी आदेश के अनुसार संशोधित रूट 16 जून से अमृतसर और 17 जून से कटड़ा से प्रभावी हो जाएगा। इसके साथ ही ट्रेन का साप्ताहिक नॉन-रनिंग डे भी बदल दिया गया है। अब यह ट्रेन मंगलवार के बजाय शनिवार को संचालित नहीं होगी।

जालंधर और ब्यास स्टेशन रूट से बाहर
मार्ग परिवर्तन के बाद जालंधर सिटी और ब्यास स्टेशन इस वंदे भारत एक्सप्रेस के रूट से बाहर हो जाएंगे। वर्तमान में ट्रेन जालंधर सिटी स्टेशन पर ठहरती थी, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को सुविधा मिलती थी। रेलवे के इस फैसले से जालंधर, कपूरथला और आसपास के इलाकों के यात्रियों को झटका लगा है।

कम यात्री संख्या बताई जा रही वजह
हालांकि रेलवे ने अपने आदेश में रूट बदलने के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है, लेकिन रेलवे सूत्रों के अनुसार जालंधर सिटी स्टेशन से इस ट्रेन को अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिल रहे थे। कई फेरों में सीटों की ऑक्यूपेंसी उम्मीद से कम दर्ज की गई थी। वहीं गुरदासपुर और बटाला क्षेत्र के लोग लंबे समय से वंदे भारत सेवा की मांग कर रहे थे।

गुरदासपुर और बटाला को मिलेगा सीधा लाभ
नए शेड्यूल के अनुसार ट्रेन संख्या 26406 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 6:40 बजे कटड़ा से रवाना होकर जम्मूतवी, पठानकोट, गुरदासपुर और बटाला होते हुए दोपहर 11:40 बजे अमृतसर पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 26405 अमृतसर-कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस शाम 4:40 बजे अमृतसर से रवाना होकर बटाला, गुरदासपुर, पठानकोट और जम्मूतवी के रास्ते रात 9:45 बजे कटड़ा पहुंचेगी।

यात्रियों की सुविधा पर पड़ेगा असर
इस बदलाव के बाद पहली बार गुरदासपुर और बटाला क्षेत्र के यात्रियों को वंदे भारत एक्सप्रेस की सीधी सुविधा मिलेगी। वहीं जालंधर, कपूरथला और आसपास के इलाकों के यात्रियों को इस ट्रेन का लाभ लेने के लिए दूसरे स्टेशनों तक जाना पड़ सकता है। रेलवे अधिकारियों की ओर से फिलहाल इस बदलाव के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *