भारत इंफो : जालंधर के बस्ती 9 इलाके में लड़की को भगाकर शादी करने के आरोप में एक युवक की जमकर पिटाई कर दी गई। घटना के दौरान युवक लोगों से बचाने की गुहार लगाता रहा और कहता रहा कि उसने लड़की को भगाया नहीं, बल्कि दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की है। युवक अतुल का कहना था कि दोनों ने शिवरात्रि के दिन श्री सिद्ध देवी तालाब मंदिर में शादी की थी, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी एक नहीं सुनी। इस दौरान इलाके में काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
परिवार ने लगाए लड़की को भगाने के आरोप
मामले में लड़की के परिवार की ओर से युवक पर लड़की को लेकर फरार होने के आरोप लगाए गए। वहीं कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि युवक पैसे लेकर लड़की को परिवार के हवाले करने की बात कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और कुछ सामाजिक संगठन भी मौके पर पहुंच गए। बाद में दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया, जहां बातचीत के बाद मामला शांत हुआ।
मंदिर में पहले कर चुके थे शादी
शिवसेना नेत्री कीर्ति ने बताया कि शुरुआत में लड़की के परिवार को लगा कि युवक उनकी बेटी को भगाकर ले गया है, जिस कारण उसकी पिटाई की गई। लेकिन बाद में बातचीत के दौरान पता चला कि दोनों ने पहले ही मंदिर में शादी कर रखी थी। इसके बाद परिवार भी राजी हो गया और पुलिस की मौजूदगी में थाने में दोनों की शादी दोबारा करवाई गई।
एक साल से थी दोनों की पहचान
लड़की ने बताया कि वह पिछले एक साल से अतुल को जानती है और दोनों के बीच दोस्ती थी, जो बाद में शादी में बदल गई। उसने कहा कि दोनों ने पहले मंदिर में विवाह किया था और अब परिवार की सहमति से थाने में दोबारा शादी की रस्में निभाई गईं।
पुलिस ने कराया समझौता
मामले को लेकर सब इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने बताया कि युवक-युवती की शादी को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों परिवार थाने पहुंचे और आपसी सहमति से लड़का-लड़की की शादी करवाई गई। फिलहाल मामले में शांति बनी हुई है।