भारत इंफो : अमृतसर के अजनाला हलके के रमदास क्षेत्र में छप्पड़ निर्माण के दौरान घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलते ही स्थानीय विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल मौके पर पहुंचे और पूरे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य में पीली ईंटों का उपयोग किया जा रहा था, जिन्हें गुणवत्ता के लिहाज से कमजोर माना जाता है। इस पर नाराजगी जताते हुए विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब तलब किया और ठेकेदार की भूमिका पर सवाल उठाए।
ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक धालीवाल ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज करने और पूरे प्रोजेक्ट की गहन जांच करने के आदेश दिए। उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की चेतावनी
विधायक ने कहा कि पंजाब में अब विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं, लेकिन इसके साथ पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कुछ अधिकारियों और ठेकेदारों पर अनियमितताओं के आरोप भी लगाए और चेतावनी दी कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान विधायक ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर कहीं भी घटिया निर्माण या भ्रष्टाचार दिखाई दे, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।