भारत इंफो : जालंधर में नगर निगम के कूड़ा प्रबंधन में बड़ी धांधली का पर्दाफाश हुआ है। मेयर विनीत धीर ने मंगलवार सुबह खुद डंपिंग साइट पर पहुंचकर जांच की और मौके पर ही गड़बड़ी पकड़ ली। सुबह करीब साढ़े सात बजे की गई इस कार्रवाई के दौरान मेयर के साथ आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ सेठ भी मौजूद थे। मेयर डंपिंग ग्राउंड पर खड़े होकर कूड़ा ढोने वाली गाड़ियों की निगरानी कर रहे थे, तभी एक टिप्पर पर शक होने पर उसे खाली करवाया गया।
कूड़े की जगह मिला मलबा
जांच के दौरान सामने आया कि टिप्पर में कूड़े की बजाय मकान का मलबा भरा हुआ था। यह देखते ही मेयर ने मौके पर ही टिप्पर मालिक को फटकार लगाई और नगर निगम अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में खुलासा हुआ कि कूड़े की गाड़ियों का भुगतान उनके वजन के आधार पर किया जाता था। इसी का फायदा उठाकर ठेकेदार कूड़े में ईंट-पत्थर मिलाकर वजन बढ़ा रहा था और नगर निगम से अधिक पैसे वसूल रहा था। यह खेल काफी समय से चल रहा था।
ठेका रद्द और FIR की तैयारी
सूत्रों के अनुसार संबंधित ठेकेदार सतपाल पर पहले भी दो बार 2-2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद धांधली जारी रही। अब नगर निगम प्रशासन ठेका रद्द करने और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर रहा है।