भारत इंफो : जालंधर के दशहरा ग्राउंड में रविवार को एक युवक की डेडबॉडी मिलने के बाद हंगामा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर भाजपा नेता और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल मौके पर पहुंचे। इस दौरान जांच के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। शीतल अंगुराल ने युवक की मौत को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए।
शीतल अंगुराल ने आरोप लगाया कि युवक की मौत नशे के कारण हुई है और मौके से नशे से जुड़ी सिरिंज मिली थीं। उनका दावा है कि पुलिसकर्मियों ने मामले को छिपाने के लिए मौके से सिरिंज उठाकर फेंक दीं। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
शीतल अंगुराल ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
मौके पर पहुंचे शीतल अंगुराल ने आरोप लगाया कि युवक की मौत नशे के कारण हुई है। उन्होंने पुलिस पर घटनास्थल से सबूत हटाने का आरोप लगाया। अंगुराल के मुताबिक, मौके पर पड़ी सिरिंजों को पुलिसकर्मियों ने उठा लिया और वहां से फेंक दिया।
उन्होंने पुलिस की ओर से शव को अस्पताल ले जाने के तरीके पर भी सवाल उठाए। शीतल अंगुराल का आरोप है कि शव को ले जाने के लिए एम्बुलेंस नहीं बुलाई गई, बल्कि माल ढोने वाले वाहन में शव को ले जाया गया।
SHO और शीतल अंगुराल के बीच हुई तीखी बहस
घटनास्थल पर शीतल अंगुराल और SHO के बीच भी तीखी बहस हुई। इस दौरान अंगुराल ने SHO से कहा, “डरा मत मुझे, बहुत देखे तेरे जैसे।” इसके जवाब में SHO ने भी कहा, “मैंने भी तेरे जैसे बहुत देखे हैं।” इस बहस के बाद मौके पर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच जारी रखी।
पुलिस ने सबूतों से छेड़छाड़ के आरोपों को किया खारिज
वहीं, पुलिस ने घटनास्थल से सबूतों के साथ छेड़छाड़ किए जाने के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल की पूरी वीडियोग्राफी करवाई गई है और वहां से मिले सभी जरूरी सबूतों को सुरक्षित रखा गया है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।