loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 26°C
Breaking News

पंजाब में चक्का जाम की चेतावनी! डीजीपी ऑफिस के बाहर जुटे अकाली वर्कर, सड़कों पर उतरने की तैयारी में यूथ विंग

भारत इंफो : चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित पंजाब पुलिस मुख्यालय में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शिरोमणि अकाली दल की पूरी कोर कमेटी अचानक वहां पहुंच गई। दरअसल, सुखबीर सिंह बादल की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक चल रही थी, जिसे बीच में ही रोककर सभी वरिष्ठ नेता डीजीपी गौरव यादव से मिलने पहुंच गए। सूत्रों के मुताबिक, डीजीपी कार्यालय के भीतर अकाली नेताओं और पुलिस प्रमुख के बीच तीखी बहस हुई। अकाली दल श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के कथित रूप से लापता 328 स्वरूपों के मामले में अपने कार्यकर्ताओं पर दर्ज हो रहे केसों को लेकर आक्रोशित है।

सुखबीर बादल की खुली चुनौती: “मुझे गिरफ्तार करो”
बैठक के दौरान माहौल तब और गरमा गया जब सुखबीर सिंह बादल ने डीजीपी के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार के इशारे पर पुलिस राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही है और अकाली कार्यकर्ताओं को बेवजह निशाना बनाया जा रहा है।

बादल ने दोटूक शब्दों में कहा कि अगर सरकार को लगता है कि केस दर्ज करने से पार्टी दब जाएगी, तो वे खुद गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं। अकाली नेताओं का दावा है कि ये तमाम मुकदमे बेबुनियाद हैं और पार्टी के मनोबल को तोड़ने के लिए रचे गए हैं।

पूरे पंजाब में चक्का जाम की चेतावनी
इस विरोध प्रदर्शन के बीच खरड़ से अकाली दल के इंचार्ज राजेंद्र सिंह खेड़ा ने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि यदि पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो अकाली दल पूरे पंजाब की सड़कों को जाम करने से पीछे नहीं हटेगा। खेड़ा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार विकास कार्यों में पूरी तरह विफल रही है और अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए विपक्ष के खिलाफ पुलिसिया तंत्र का इस्तेमाल कर रही है।

चंडीगढ़ पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
अकाली दल ने इस लड़ाई को अब सड़क पर ले जाने का मन बना लिया है। यूथ अकाली दल ने सोशल मीडिया के जरिए पटियाला, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब के कार्यकर्ताओं को तुरंत चंडीगढ़ पहुंचने का फरमान जारी कर दिया है। युवाओं की भारी भीड़ के जमा होने की संभावना को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने डीजीपी कार्यालय के बाहर सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया है और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा पंजाब की सियासत में एक बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *