Monday, September 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 35°C
Breaking News

पंजाब में नशे की भेंट चढ़ा परिवार : जगराओं के गांव में 6 मौतों के बाद राकेश राठौर ने व्यक्त किया गहरा दुख

भारत इंफो : लुधियाना के जगराओं के पास स्थित शेरोवाल गांव में नशे के दानव ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ कर रख दिया है। पिछले कुछ ही वर्षों में नशे की लत के कारण इस परिवार के छह सदस्यों की असामयिक मृत्यु हो गई, जिसके चलते अब घर में कोई भी पुरुष सदस्य जीवित नहीं बचा है।

इस घटना की सूचना मिलते ही भाजपा प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा राकेश राठौर ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर वहां मौजूद महिलाओं से मुलाक़ात की। उन्होंने दुख की इस घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और महिलाओं को ढांढस बंधाया, जो अब अपने परिवार के अस्तित्व की लड़ाई अकेले लड़ रही हैं।

पंजाब नशे के कारण चिंताजनक स्थिति में पहुंच चुका है – राकेश राठौर
इस त्रासदी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राकेश राठौर ने कहा कि पंजाब आज नशे के कारण एक अत्यंत भयावह और चिंताजनक स्थिति में पहुंच चुका है। प्रशासन इस गंभीर हालत से पूरी तरह निश्चिंत और बेखबर नज़र आ रहा है। सरकार की ढुलमुल नीतियों और जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई के अभाव के कारण ही आज पंजाब के युवा मौत के आगोश में समा रहे हैं। राठौर ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार इसी तरह कुंभकर्णी नींद सोई रही, तो राज्य का भविष्य पूरी तरह अंधकारमय हो जाएगा।

अब समय आ गया है कि नशे के खिलाफ मुकाबला करने का -राकेश राठौर
राकेश राठौर ने समाज के सभी वर्गों और जागरूक नागरिकों से अपील की है कि अब समय आ गया है जब हम सबको मिलकर इस नशे की महामारी का मुकाबला करना पड़ेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं है, बल्कि पूरे पंजाब को बचाने का एक साझा अभियान होना चाहिए। उन्होंने पीड़ित महिलाओं को विश्वास दिलाया कि वे इस कठिन समय में उनके साथ खड़े हैं और न्याय व पुनर्वास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *