loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

लोहड़ी तक ठिठुरेगा पंजाब और चंडीगढ़: मौसम विभाग का येलो अलर्ट

भारत इंफो : पंजाब और चंडीगढ़ के निवासियों को फिलहाल कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 14 जनवरी यानी लोहड़ी तक प्रदेश में घना कोहरा और शीतलहर का कहर लगातार जारी रहेगा। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए विभाग ने आज के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें घने कोहरे और कोल्ड-डे की चेतावनी दी गई है।

जानलेवा हुई ठंड और गिरता पारा

बढ़ती ठंड अब जानलेवा साबित हो रही है क्योंकि पिछले 24 घंटों के दौरान ठंड के कारण 3 लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह अब भी सामान्य से 5.5 डिग्री कम बना हुआ है। अमृतसर, लुधियाना और पटियाला जैसे शहरों में ‘कोल्ड-डे’ रिकॉर्ड किया गया है, जबकि बठिंडा 5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। अमृतसर में दृश्यता घटकर महज 150 मीटर रह गई है।

बर्फीली हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल सिंह के अनुसार, जम्मू के पास बना पश्चिमी विक्षोभ अब उत्तर पंजाब के इलाके में सक्रिय हो गया है। इसके साथ ही उत्तर भारत के ऊपर करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज बर्फीली हवाएं चल रही हैं, जिसने ठिठुरन को काफी बढ़ा दिया है। यह मौसमी सिस्टम जमीन से करीब 3 किलोमीटर ऊपर सक्रिय है, जिससे आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद कम है।

विभिन्न जिलों में शीतलहर और कोहरे की स्थिति

आने वाले समय में जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, पटियाला और कपूरथला जैसे इलाकों में कड़ाके की ठंड बनी रहेगी और यहाँ कोल्ड-डे की आशंका जताई गई है। दूसरी ओर फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और बठिंडा जैसे जिलों में शीतलहर चलने की पूरी संभावना है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 14 जनवरी तक पंजाब के अधिकांश हिस्सों में भारी धुंध छाई रहेगी और न्यूनतम तापमान में अभी और भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *