भारत इंफो : जालंधर जिले के थाना गोराया क्षेत्र में आज सुबह पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उर्फ़ गोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
पुलिस पर चलाई दो गोलियां
जानकारी के अनुसार, गोराया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोपी इलाके में मौजूद है। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की, लेकिन आरोपी ने गाड़ी तेज रफ्तार से भगाने की कोशिश की। पीछा करने पर वह गाड़ी छोड़कर पैदल भागने लगा और पुलिस पर दो गोलियां दाग दीं।
जवाबी फायरिंग में घायल, अस्पताल में इलाज जारी
पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली उसके पैर में लगी और टीम ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। घायल स्थिति में गोपी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
कार, पिस्तौल और जिंदा राउंड बरामद
पुलिस ने मौके से एक कार, 32 बोर पिस्तौल और दो जिंदा राउंड बरामद किए हैं।
गुरप्रीत सिंह उर्फ़ गोपी पर नशा तस्करी, मारपीट समेत कुल पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।