loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 38°C
Breaking News

जालंधर में तेज रफ्तार का कहर, थार और कार की टक्कर में दो महिलाएं गंभीर

भारत इंफो : जालंधर के चुनमुन चौक पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहां एक तेज रफ्तार थार और दूसरी कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों गाड़ियों के एयरबैग तक खुल गए।

दो बहनों की हालत गंभीर
लोगों के मुताबिक दूसरी कार में दो महिलाएं सवार थीं, जिन्हें आपस में बहनें बताया जा रहा है। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत नजदीकी ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कार के अंदर बच्चों के स्कूल रिजल्ट और ट्रॉफियां (शील्ड) बरामद हुई हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि परिवार किसी स्कूल कार्यक्रम या समारोह से लौट रहा था।

गाड़ियों की हालत देख दहल उठे लोग
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि सफेद कार एक तरफ से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और उसके पुर्जे सड़क पर बिखरे पड़े हैं। स्थानीय समाजसेवी अनमोल शाह ने बताया कि गाड़ियों की स्थिति से प्रतीत होता है कि टक्कर सीधी और बेहद तेज रफ्तार में हुई।

पुलिस CCTV फुटेज खंगाली रही
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *