भारत इंफो : कर्नाटक सरकार ने एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लेते हुए 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर बैन लगाने की घोषणा की है। इस फैसले की जानकारी मुख्यमंत्री सिद्धारमैय्या ने राज्य के बजट सत्र के दौरान विधानसभा में दी। बच्चों पर मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभाव को देखते हुए सरकार ने यह सख्त कदम उठाया है। सरकार का मानना है कि इस फैसले से बच्चों की मानसिक और शैक्षणिक सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
देश में ऐसा कदम उठाने वाला पहला राज्य
कर्नाटक इस तरह का फैसला लेने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग को सीमित करने की दिशा में इसे एक अहम कदम माना जा रहा है। इसके साथ ही गोवा, महाराष्ट्र और बिहार जैसे राज्यों में भी इस विषय पर चर्चा शुरू हो चुकी है। इन राज्यों में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए टास्क फोर्स का गठन कर विशेषज्ञों और स्टेकहोल्डर्स की राय ली जा रही है।
केंद्र सरकार भी कर रही है तैयारी
केंद्र सरकार भी बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर नियम बनाने की दिशा में काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पिछले महीने नई दिल्ली में आयोजित एक एआई समिट के दौरान कहा था कि भारत में उम्र के आधार पर सोशल मीडिया उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी की जा रही है।
कई देशों ने यह माना है कि बच्चों की मानसिक स्वास्थ्य और शैक्षणिक सुरक्षा के लिए एज-बेस्ड प्रतिबंध जरूरी हैं। ऐसे में कर्नाटक का यह कदम डिजिटल सुरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।