भारत इंफो : पंजाब की स्पेशल डीजीपी गुरप्रीत कौर दीओ ने जालंधर का दौरा कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (ICCC) और साइबर क्राइम दफ्तर का निरीक्षण किया। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर, जॉइंट कमिश्नर संदीप शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक में स्पेशल डीजीपी ने पंजाब सरकार के विशेष अभियानों-‘युद्ध नशों के खिलाफ’ और ‘गैंगस्टरों पर वार’ की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अब हाईटेक होंगे पुलिस के नाके
स्पेशल डीजीपी ने कमिश्नरेट पुलिस को छोटे अपराधों पर नकेल कसने के लिए एक विशेष ‘ऑपरेशन प्लान’ तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस नाकों को आधुनिक और हाईटेक बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। नाकों पर तैनात कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल के लिए वाकी-टाकी सेट के इस्तेमाल को प्राथमिकता देने को कहा गया है। इसके अलावा, उन्होंने पुलिस थानों और कार्यालयों के परिसर को साफ-सुथरा रखने और वहां हरियाली बढ़ाने के भी निर्देश जारी किए, ताकि जनता के लिए वातावरण सुखद रहे।
लोगों की शिकायतों का होगा तुरंत समाधान
दौरे के दौरान स्पेशल डीजीपी ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में लंबित शिकायतों की स्थिति जानी और अधिकारियों को इंटरनेट अपराधों पर तुरंत कार्रवाई करने की हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों की समस्याओं को भी सुना, जिसमें कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए नई कंप्यूटर प्रणालियों की मांग प्रमुख थी। स्पेशल डीजीपी ने इन मांगों को स्वीकार करते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही, उन्होंने आईसीसीसी (ICCC) के कामकाज को और अधिक सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए ताकि शहर की सुरक्षा निगरानी को और मजबूत किया जा सके।