भारत इंफो : लुधियाना में फिरोजपुर रोड स्थित एलिवेटेड रोड पर शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक स्विफ्ट कार अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और दूसरी लेन में जाकर मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
टायर फटना बताया जा रहा कारण
जानकारी के अनुसार कार का टायर फटने से कार चालक ने गाड़ी से अपना कंट्रोल खो दिया। जिस कारण उसकी गाड़ी डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार से लग गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरातफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों की पहचान
इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार 42 वर्षीय जगदीश कुमार और स्विफ्ट चला रहे जर्नलिज्म छात्र गौरांश की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। कार में सवार तीसरा युवक चरणजोत गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज डीएमसी अस्पताल में चल रहा है।
कॉलेज स्टूडेंट चला रहा था कार
बताया गया कि कार में सवार तीन युवक कॉलेज जा रहे थे, जबकि मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान हादसा हुआ और पलभर में खुशियां मातम में बदल गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तकनीकी रिपोर्ट के बाद ही अंतिम कारण स्पष्ट होगा।