loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 38°C
Breaking News

अमृतसर में लोहड़ी पर मदद के लिए छत पर चिल्लाता रहा परिवार, आग में जलकर पिता-बेटी की मौत

भारत इंफो : अमृतसर में लोहड़ी की रात एक मकान में भीषण आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में बुजुर्ग पिता और उनकी दिव्यांग बेटी की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग लोहड़ी की धूनी से निकली चिंगारी के कारण लगी बताई जा रही है। हादसा रात करीब एक बजे हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घरवालों ने छत पर चढ़कर मांगी मदद
आग लगने के समय मकान में कुल पांच लोग मौजूद थे। जैसे ही परिवार के सदस्यों को आग लगने का अहसास हुआ, उन्होंने छत पर चढ़कर मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। पड़ोसियों ने तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पर बुजुर्ग पिता और दिव्यांग बेटी आग की चपेट में आ गए।

शारीरिक रूप से असमर्थ होने के कारण वे समय रहते बाहर नहीं निकल सके, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।

फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियों ने बुझाई आग
लोगों ने बताया कि मकान में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान रखा हुआ था। इसी वजह से आग ने कुछ ही सेकेंड में भयावह रूप धारण कर लिया और पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 7 से 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तंग गलियों के कारण फायर ब्रिगेड को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग पर काबू पाने में करीब 5 घंटे का समय लग गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *