भारत इंफो : पंजाब के कपूरथला में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने शुक्रवार दोपहर एक महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात दोपहर करीब साढ़े 3 बजे की बताई जा रही है, जब दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए हमलावरों ने महिला पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
लोगों हमलावरों ने करीब 4 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में भारी पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
एक महीने पहले ही विदेश से वतन लौटी थी मृतका
पुलिस जांच में मृतका की पहचान कपूरथला के सीनपुरा निवासी हेमप्रीत कौर के रूप में हुई है। मृतका के पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी देते हुए बताया गया है कि वह महज एक महीने पहले ही विदेश से वापस अपने घर लौटी थी। उनके पति और बेटा अभी भी विदेश में ही रह रहे हैं।
आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी गौरव तुरा ने खुद कमान संभाल ली है। उन्होंने मीडिया को बताया कि आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं, चाहे वह निजी दुश्मनी हो या कोई अन्य कारण, पर गहराई से पड़ताल कर रही है।